CJP के नए कप्तान अजिंक्य शिंदे की हुंकार, कहा- ‘पुलिस जहां रोके वहीं बना लो जंतर-मंतर’

Gyanesh Kumar Resignation Demand: कॉकरोच जनता पार्टी के संयोजक अभिजीत दीपके, सह-संयोजक आशुतोष रांका और सौरभ दास को हिरासत में लिए जाने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे ने प्रदर्शन की कमान संभाल ली है। उन्होंने वीडियो जारी कर लोगों से जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की। साथ ही कहा कि पुलिस जहां भी रोके, लोग वहीं अपना जंतर-मंतर बना लें।

अजिंक्य शिंदे ने कहा, “अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका, सौरभ दास को डिटेन कर लिया गया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली बार जब देश एकजुट हुआ था, तब लोगों ने मोदी-शाह की जोड़ी का अहंकार चकनाचूर किया था। इसी वजह से लोगों को जंतर-मंतर पहुंचने से रोकने के लिए ट्रेनें और बसें बंद कर दी गईं। उनके मुताबिक, अलग-अलग जगहों से दिल्ली आ रहे लोगों को हिरासत में लिया गया।

शिंदे ने कहा कि यह कदम मोदी-शाह के डर को दिखाता है और उनके मुताबिक, आधी लड़ाई जीती जा चुकी है। उन्होंने सवाल उठाया कि देश के लोग केवल मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांग रहे थे, जिन पर उन्होंने वोट चोरी का आरोप लगाया। इसके लिए पूरी दिल्ली बंद कर दी गई।

उन्होंने देशवासियों से जंतर-मंतर कूच करने की अपील करते हुए कहा, “जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देंगे, तब तक ये लड़ाई जारी रहेगी।”

अभिजीत दीपके ने गिरफ्तारी की आशंका में पहले ही रिकॉर्ड किया था वीडियो

अभिजीत दीपके को हिरासत में लिए जाने के बाद उनका पहले से रिकॉर्ड किया गया वीडियो जारी किया गया। इसमें उन्होंने अजिंक्य शिंदे को प्रदर्शन की जिम्मेदारी सौंपी थी।

दीपके ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि गिरफ्तारी की आशंका के चलते उन्होंने शुक्रवार रात ही वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था। उन्होंने समर्थकों से कहा था कि अगर वे वीडियो देख रहे हैं, तो इसका मतलब है कि उन्हें, सौरभ दास और आशुतोष रांका को हिरासत में ले लिया गया है। ऐसी स्थिति में समर्थक अजिंक्य शिंदे के नेतृत्व में प्रदर्शन जारी रखें।

संगठन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में विमान उतरने के कुछ ही देर बाद उसके भीतर से दीपके, दास और रांका को हिरासत में ले लिया।

अरविंद केजरीवाल भी आवास के बाहर हिरासत में लिए गए

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जंतर-मंतर जा रहे आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को भी शनिवार को दिल्ली पुलिस ने उनके आवास के बाहर हिरासत में ले लिया।

आप की वरिष्ठ नेता आतिशी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर इस कार्रवाई की आलोचना की। उन्होंने कहा, “तीन बार दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे अरविंद केजरीवाल को ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करने पर दिल्ली पुलिस ने बेरहमी से हिरासत में ले लिया।”

आतिशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल करते हुए कहा, “मोदी जी, ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए आप कितने लोगों को जेल में डालेंगे?”

इस तरह ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले कई नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद भी प्रदर्शन जारी रखने की अपील की गई है। अजिंक्य शिंदे ने साफ कहा है कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा।

Also Read: BJP ने दिल्ली में CJP के प्रदर्शन को बताया फ्लॉप शो, संबित पात्रा बोले- भीड़तंत्र पर हुई लोकतंत्र की जीत 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.