कानपुर में BJP प्रदेश मंत्री को बंधक बनाकर 12 लाख की लूट, मुंह पर टेप चिपकाकर बाथरूम में किया बंद
Kanpur BJP Leader Robbery Case: कानपुर में नकाबपोश बदमाशों ने BJP पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री रमेश यादव (Ramesh Yadav) को उनके फार्म हाउस में बंधक बनाकर लूटपाट की। सोमवार आधी रात के बाद बदमाशों ने उनके सीने पर तमंचा लगाकर 12 लाख रुपये नकद, सोने की चेन, अंगूठी और राडो की घड़ी लूट ली। इसके बाद उनके हाथ-पैर बांधकर मुंह पर टेप चिपकाया और बाथरूम में बंद कर फरार हो गए। वारदात सेन पश्चिमपारा थाना क्षेत्र में हुई, जो शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर है।
Ramesh Yadav 1 अक्टूबर को BJP पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री बने थे। सोमवार को लखनऊ में पदभार ग्रहण करने के बाद वह रात करीब 12:30 बजे कानपुर पहुंचे। इसके बाद वह घर से लगभग 500 मीटर दूर स्थित अपने फार्म हाउस में अकेले रुक गए। वहां चार गार्ड तैनात थे। रात 1:20 बजे पुलिस को लूट की सूचना दी गई।
बदमाशों ने मांगे दो करोड़ रुपये
रमेश यादव ने बताया कि उनके नौकर अभय राजपूत ने उन्हें खाना खिलाया और करीब पौने 11 बजे सोने चला गया। उसके जाने के लगभग 15 मिनट बाद दो बदमाश अंदर पहुंचे। एक के हाथ में पेट्रोल की बोतल थी। बदमाशों ने सीने पर तमंचा लगाकर कहा कि उन्हें दो करोड़ रुपये चाहिए, लेकिन वे उन्हें मारने नहीं आए हैं।
रमेश (Ramesh Yadav) के मुताबिक, उन्होंने फोन कर रुपये मंगाने की बात कही तो बदमाशों ने कहा कि वह गार्ड बलराम को फोन करेंगे। इसके बाद उन्हें कमरे में ले जाकर लॉकर से 12 लाख रुपये निकाल लिए। बदमाश उनकी सोने की चेन, अंगूठी और राडो की घड़ी भी ले गए। फिर हाथ-पैर बांधकर मुंह पर टेप चिपका दिया और बाथरूम में बंद कर दिया। रमेश ने बताया कि बदमाश करीब 37 मिनट तक फार्म हाउस में रहे। उनके जाने के बाद उन्होंने किसी तरह टेप हटाया और गार्ड को फोन किया। गार्ड ने उन्हें बाहर निकाला।
CCTV में भागते दिखे दो बदमाश
घटना की सूचना पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन ताडा और DCP दीपेंद्रनाथ चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फार्म हाउस में 50 CCTV कैमरे लगे हैं, लेकिन बदमाशों के अंदर आने का फुटेज नहीं मिला। हालांकि, भागते समय दो बदमाश कैमरे में कैद हुए। दोनों काले कपड़े पहने थे और वॉशबेसिन पर पैर रखकर टीन शेड के ऊपर से कूदते दिखाई दिए।
डॉग स्क्वॉयड और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। डॉग स्क्वॉयड गार्डन से उस कमरे तक पहुंचा, जहां रमेश को बंधक बनाया गया था। इसके बाद वह बाउंड्री वॉल के पीछे स्थित खेत तक गया। फार्म हाउस के एक पेड़ पर जूतों से रगड़ के निशान भी मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि बदमाश पीछे की तरफ से दाखिल हुए और उसी रास्ते से भागे।
आठ पुलिस टीमें जांच में जुटीं
पुलिस के मुताबिक, बदमाश फार्म हाउस के चप्पे-चप्पे से परिचित लग रहे हैं। आने-जाने वाले लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है और कुछ संदिग्धों से पूछताछ हो रही है। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि मामले की जांच के लिए आठ टीमें लगाई गई हैं और दो संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने जल्द घटना का खुलासा करने की बात कही।
Ramesh Yadav दो बार ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। उनकी पत्नी शशि भी ब्लॉक प्रमुख रही हैं। रमेश ने 2022 में बसपा के टिकट पर बिठूर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था।
Also Read: पीलीभीत में रामलीला कमेटी के हिसाब पर खूनी विवाद, दो सगे भाइयों समेत 3 की मौत

