बुलंदशहर में भीषण सड़क हादसा, ईको वैन पेड़ से टकराई, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत
Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन पुरुष, एक महिला और एक मासूम बच्ची शामिल हैं। हादसे में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि मृतकों में कई एक ही परिवार के सदस्य हैं। सभी लोग ईको वैन में सवार होकर कासगंज जिले के सिढ़पुरा से बेलोन जा रहे थे। इसी दौरान नरौरा थाना क्षेत्र में रतनपुर गांव के पास वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज कि पांच लोगों ने मौके पर तोड़ा दम
जानकारी के मुताबिक, ईको वैन में एक ही परिवार के आठ लोग सवार थे। वे अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। रास्ते में रतनपुर गांव के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में तीन अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे, घायलों को हायर सेंटर भेजा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, इसका पता लगाया जा रहा है। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Also Read: Bareilly News: रंगदारी और जानलेवा हमले के 2 आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त डंडे बरामद

