श्रद्धा का इंटरव्यू वायरल होते ही पुलिस महकमे में हलचल, इंस्पेक्टर के बाद DCP विक्रांत वीर भी हटे
Shraddha Dubey Case: लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत (Shiva Sharma Murder Case) के मामले में फरार मॉडल श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस महकमे में लगातार कार्रवाई हो रही है। रविवार को हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को लाइन हाजिर किए जाने के बाद अब IPS अधिकारी विक्रांत वीर को भी पुलिस उपायुक्त (DCP) के पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश उर्फ तनवीर पर घोषित इनाम भी बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया गया है।
शिवा की मौत के दस दिन बाद भी पुलिस तीनों आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। वहीं, श्रद्धा का मीडिया को दिया गया इंटरव्यू सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे थे।
श्रद्धा का इंटरव्यू वायरल होने के बाद कार्रवाई
Shraddha Dubey ने अपने बचाव में सोशल मीडिया पर कई वीडियो जारी किए थे। इसके बाद उसने ANI को इंटरव्यू दिया, जो टीवी चैनलों पर प्रसारित हुआ। इंटरव्यू सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई। रिपोर्टों के मुताबिक, वीडियो से श्रद्धा के लखनऊ में होने की जानकारी मिली, लेकिन पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी।
इसके बाद पहले हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को हटाकर लाइन हाजिर किया गया और फिर DCP मध्य विक्रांत वीर को पद से हटाने का आदेश जारी हुआ।
नेपाल बॉर्डर से पश्चिमी यूपी तक छापेमारी
Shraddha Dubey उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश की तलाश में पुलिस टीमें नेपाल सीमा से सटे जिलों और पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत कई इलाकों में दबिश दे रही हैं। दानिश की ओर से अदालत में सरेंडर की अर्जी दिए जाने की जानकारी के बाद पुलिस सतर्क हो गई।
पुलिस ने दानिश के आलमबाग स्थित गढ़ी कनौरा आवास पर दबिश देकर उसके परिजनों से पूछताछ की। पूछताछ से मिले इनपुट के आधार पर टीमें अलग-अलग जिलों में रवाना की गईं।
क्या है शिवा शर्मा की मौत का मामला?
नौ अक्टूबर को हजरतगंज क्षेत्र के एक अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद कारोबारी शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। उस समय उनके शरीर पर केवल अंडरवियर था। शिवा की मां ने मॉडल Shraddha Dubey, उसकी बहन रश्मि और अन्य लोगों पर बेटे को अपार्टमेंट से फेंकने का आरोप लगाते हुए हत्या की एफआईआर दर्ज कराई थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद से श्रद्धा फरार है।
Also Read: शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार मॉडल श्रद्धा और ड्राइवर दानिश पर इनाम की राशि हुई दोगुनी

