देवरिया में झोपड़ी में लगी आग, पिता-बेटी और भाई की जिंदा जलकर मौत, पत्नी ही हालत गंभीर
Deoria Fire Accident: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में मंगलवार आधी रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। भटनी थाना क्षेत्र के नोनापार गांव में अचानक झोपड़ी में आग लगने से एक ही परिवार के तीन लोगों की जलकर मौत हो गई। मरने वालों में पिता, उनकी तीन साल की बेटी और भाई शामिल हैं। वहीं, युवक की पत्नी गंभीर रूप से झुलस गई। उसे इलाज के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
आग में घिरा पूरा परिवार, तीन की मौत
नोनापार गांव में रहने वाले लालचंद के 32 वर्षीय बेटे जितेंद्र प्रसाद की झोपड़ी में आधी रात अचानक आग लग गई। उस समय जितेंद्र, उनका भाई बालकिशन, तीन साल की बेटी शनि और पत्नी लीला झोपड़ी के अंदर मौजूद थे। आग फैलने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे बुझाने की कोशिश करने लगे। इसके साथ ही अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर दमकल टीम (Fire Brigade) मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद चारों झुलसे लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भटनी ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जितेंद्र, उनकी बेटी शनि और भाई बालकिशन को मृत घोषित कर दिया। लीला की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना (Deoria Fire Accident) की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक (SP) अभिजीत आर. शंकर समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है।
क्षेत्राधिकारी (CO) मनोज कुमार ने बताया कि आग लगने से तीन लोगों की मौत हुई है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: एटा: मेले में चाऊमीन खाते ही 12 साल की तनु की मौत! सांस की नली में फंसा टुकड़ा

