पंजाब नेशनल बैंक के स्टाफ पर करोड़ों के गबन का आरोप, खाते खाली होने के बाद पूरी ब्रांच सस्पेंड
Greater Noida News: पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की ग्रेटर नोएडा स्थित सेक्टर पाई-1 शाखा से एक बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आया है। बैंक के ग्राहकों ने आरोप लगाया है कि उनके बैंक खातों से बिना उनकी अनुमति के करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की गई है। गबन का खुलासा होने के बाद बैंक प्रबंधन ने संबंधित शाखा के पूरे स्टाफ को बदल दिया है। धोखाधड़ी का शिकार हुए पीड़ित ग्राहकों ने बताया कि उनके फिक्स डिपॉजिट और सेविंग्स अकाउंट्स से पैसे गायब हो चुके हैं, जिसके बाद बैंक प्रशासन रकम वापसी के लिए समय माँग रहा है।
सालों से चल रहा था गबन का खेल
शाखा में खाता रखने वाले ग्राहकों ने अपनी जमा पूंजी गायब होने पर कड़ा आक्रोश जताया है। खाताधारक सोनू के अनुसार, उनके खाते से करीब 90 लाख रुपये गायब हैं। वहीं सोनू सागर नामक पीड़ित ने बताया कि उनके पिता के खाते में लगभग 88 लाख रुपये जमा थे, लेकिन जब स्टेटमेंट निकाला गया तो उसमें मात्र 1,290 रुपये बचे थे। खाताधारकों ने दावा किया कि यह गड़बड़ी कोई हालिया घटना नहीं है, बल्कि पिछले कई सालों से लगातार की जा रही थी। एक अन्य पीड़ित राहुल ने बताया कि उनकी माताजी के खाते से 51 लाख रुपये गायब हुए हैं, और मोबाइल नंबर लिंक न होने की वजह से उन्हें बैंक से कोई अलर्ट मैसेज भी नहीं मिला।
पूरा स्टाफ सस्पेंड, पुलिस में शिकायत दर्ज
मामले के तूल पकड़ने पर पीड़ितों ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। एक खाताधारक के मुताबिक, जब वे शिकायत लेकर बैंक पहुँचे, तो शाखा में कोई भी संबंधित अधिकारी मौजूद नहीं था और बैंकिंग कामकाज पूरी तरह ठप था। बाद में बैंक की शाखा प्रबंधक निशा तिरकी ने बताया कि पूरे ब्रांच कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। फिलहाल इस गंभीर घोटाले और कर्मचारियों की संलिप्तता को लेकर पीएनबी की ओर से कोई आधिकारिक सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है।
Also Read: इमरान खान को बॉम्बे हाईकोर्ट से राहत, भारत छोड़ने के नोटिस पर 2 नवंबर तक रोक

