‘किताब आएगी तो तमाशा होगा ही, अब मेरी बारी है’, ऑटोबायोग्राफी से पहले सोनिया गांधी ने तोड़ी चुप्पी
Sonia Gandhi Autobiography: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी अपनी आगामी आत्मकथा Belonging: A Journey of Love को लेकर लगातार नई जानकारियां साझा कर रही हैं। मंगलवार को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक वीडियो पोस्ट किया और कहा कि किताब आने पर तमाशा होना तय है। सोनिया के मुताबिक, दशकों तक दूसरे लोग उनकी कहानी सुनाते और लिखते रहे हैं, लेकिन अब अपनी बात रखने की बारी उनकी है।
सोनिया गांधी ने एक्स पर लिखा, “जब यह किताब आएगी, तो तमाशा होना तय है। आखिर, दूसरों ने मेरी ‘कहानी’ कहते हुए दशकों गुजार दिए हैं। अब मेरी बारी है।”
वीडियो में सोनिया कहती हैं कि उन्हें नहीं पता कि उन्हें अपनी पूरी कहानी बतानी चाहिए या नहीं। वह आगे बताती हैं कि उनके बारे में बहुत कुछ लिखा गया, जिसमें कई बातें सही नहीं थीं। कुछ बातें बढ़ा-चढ़ाकर पेश की गईं, तो कुछ ऐसी थीं जिन्हें जबरन जोड़ा गया।
राजीव गांधी और राजनीति से जुड़े प्रसंग भी होंगे शामिल
सोनिया गांधी ने कहा कि इन बातों से उन्हें अपनी कहानी खुद लिखने का एहसास हुआ, ताकि घटनाओं और परिस्थितियों को उसी तरह बताया जा सके, जैसी वे वास्तव में थीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह इसे अपना पक्ष बताने के बजाय अपनी कहानी के रूप में सामने रखना चाहती हैं।
वीडियो में सोनिया अपने पति और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी (Rajiv Gandhi) का जिक्र करते हुए कहती हैं, “जब मेरे पति को प्रधानमंत्री बनने को कहा गया, जिसके खिलाफ मैं पूरी तरह थी…” इसके बाद वह कहती हैं कि किताब पढ़ने के बाद कुछ लोगों की उनके बारे में राय बदल सकती है, जबकि कुछ की राय और खराब भी हो सकती है। उनके मुताबिक, किताब लिखने पर ऐसा होना स्वाभाविक है।
10 नवंबर को प्रकाशित होगी आत्मकथा
सोनिया गांधी की 544 पन्नों की आत्मकथा (Sonia Gandhi Autobiography Belonging: A Journey of Love) का प्रकाशन 10 नवंबर 2026 को होगा। इसके भारतीय संस्करण को हार्परकॉलिन्स (HarperCollins) प्रकाशित करेगा।
किताब में इटली में सोनिया के बचपन, 1965 में कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से पहली मुलाकात, शादी, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या, राजनीति में प्रवेश और 2004 में प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के फैसले जैसे अहम प्रसंग शामिल हैं।
इससे पहले 24 अक्टूबर को भी सोनिया गांधी ने एक्स पर एक वीडियो साझा किया था। उस दौरान उन्होंने राजीव गांधी के साथ अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए किताब का प्रचार किया था।
Also Read: राहुल गांधी की ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ रैली पर सख्त शर्तें, शाम 5 बजे तक खत्म करना होगा कार्यक्रम

