KGMU में 3 साल के बच्चे के जबड़े से निकाला 9 सेंटीमीटर का ट्यूमर, सफल रही सर्जरी
Lucknow News: किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) में डॉक्टरों ने तीन वर्षीय बालक कृष्णा के निचले जबड़े के दाहिने हिस्से में मौजूद बड़े ट्यूमर को सर्जरी के जरिए सफलतापूर्वक निकाल दिया। ट्यूमर का आकार लगभग 9×8.5 सेंटीमीटर था। 26 अक्टूबर 2026 को हुई इस सर्जरी में ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जरी (OMFS) और पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के चिकित्सकों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। ऑपरेशन के बाद बच्चे को निगरानी और आगे के उपचार के लिए पीडियाट्रिक्स विभाग के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
गिरने से लगी थी चोट, कई जगह इलाज के बाद KGMU पहुंचा बच्चा
परिजनों के अनुसार, कृष्णा को खेलते समय गिरने से चोट लगी थी। इसके बाद उसे उपचार के लिए हमीरपुर के जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां उपलब्ध इलाज की सीमाओं को देखते हुए बच्चे को उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया। परिवार ने कई शहरों में इलाज कराने का प्रयास किया, जिसके बाद कृष्णा को KGMU लाया गया।
बच्चे को 21 अक्टूबर 2026 को KGMU के ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जरी विभाग में भर्ती किया गया। चिकित्सकीय जांच में उसके चेहरे के निचले दाहिने हिस्से में लगभग 9×8.5 सेंटीमीटर की बड़ी सूजन पाई गई। इसके बाद जरूरी जांच पूरी कर ऑपरेशन की तैयारी की गई।
प्रो. डॉ. हरि राम के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने किया ऑपरेशन
26 अक्टूबर को प्रो. डॉ. हरि राम के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने सर्जरी कर ट्यूमर निकाल दिया। सर्जिकल टीम में प्रो. डॉ. हरि राम के साथ प्रो. डॉ. जे.डी. रावत और प्रो. डॉ. आनंद पांडे शामिल रहे।
ऑपरेशन में सीनियर रेजिडेंट डॉ. पूनम, डॉ. भावना और डॉ. अपेक्षा ने सहयोग किया। वहीं, जूनियर रेजिडेंट डॉ. अभिनव, डॉ. अनिका और डॉ. शफीक भी सर्जिकल टीम का हिस्सा रहे। ओएमएफएस और पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के चिकित्सकों ने मिलकर इस जटिल सर्जरी को पूरा किया।
एनेस्थीसिया टीम ने संभाली जिम्मेदारी
ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया टीम का नेतृत्व प्रो. डॉ. प्रेम राज ने किया। टीम में डॉ. दीपाली, डॉ. अनुष्का और डॉ. एंजेल शामिल रहीं। ऑपरेशन थिएटर में माया राजपूत, रामदेव, नंद लाल, राकेश और अरविंद ने भी सहयोग दिया।
सर्जरी पूरी होने के बाद कृष्णा को आगे की देखभाल और लगातार निगरानी के लिए पीडियाट्रिक्स विभाग के आईसीयू में भर्ती कराया गया। फिलहाल डॉ. नीरज आनंद की देखरेख में बच्चे का उपचार जारी है।
Also Read: Lakhimpur Kheri News: दरोगा के विदाई समारोह में पुलिस की आधी वर्दी पहनकर पहुंचा युवक, फोटो वायरल

