MLC मतगणना के बीच अखिलेश का BJP और चुनाव आयोग पर हमला, बोले- ‘चुनावी गिरोह’ बन गया है’

Akhilesh Yadav on MLC Election: उत्तर प्रदेश में MLC चुनाव के वोटों की गिनती के बीच समाजवादी पार्टीके अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP), चुनाव आयोग और प्रशासन पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि तीनों मिलकर चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी कर रहे हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर अखिलेश ने इस कथित गठजोड़ को ‘चुनावी गिरोह’ करार दिया और कहा कि चुनाव से लेकर मतगणना तक अनियमितताएं की जा रही हैं।

अखिलेश ने अपनी पोस्ट में लिखा, “भाजपा, चुनाव आयोग और प्रशासन के त्रिगुट ने चुनावी घपले का त्रिस्तरीय पाठ्यक्रम बना रखा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि पहले मतदाता सूची में गड़बड़ी होती है, मतदान के दिन विपक्षी समर्थकों को वोट डालने से रोका जाता है और फिर मतगणना व नतीजों में भी हेरफेर की जाती है।

कांति सिंह के बूथ पर बैलेट को लेकर उठाए सवाल

Akhilesh Yadav ने लखनऊ से पार्टी की MLC उम्मीदवार कांति सिंह के बूथ नंबर 97 का जिक्र करते हुए बिना फोल्ड किए हुए बैलेट मिलने पर सवाल उठाए। इससे पहले गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना के दौरान भी अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई थीं।

दावे के मुताबिक, मऊ के बूथ नंबर 115 की मतपेटी में रिकॉर्ड से 52 वोट अधिक मिले थे। रिकॉर्ड में 623 वोट दर्ज थे, जबकि मतपेटी में 675 वोट मिलने की बात कही गई थी। इसके अलावा देवरिया के बनकटा क्षेत्र से आई एक मतपेटी बिना सील होने की शिकायत भी की गई थी।

अखिलेश ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान SIR, मतदाता सूची और मतदान केंद्रों की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने मतदाता सूची को आधार से जोड़ने और मतदान के दौरान बायोमेट्रिक पहचान की व्यवस्था पर विचार करने का सुझाव दिया। साथ ही आरोप लगाया कि कुछ बूथों पर मशीनों की कम संख्या के कारण लंबी कतारें लगती हैं और मतदाताओं को परेशानी होती है।

धर्मेंद्र कश्यप और कीर्ति कश्यप के सपा में आने का स्वागत

प्रेस कॉन्फ्रेंस में Akhilesh Yadav ने पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप और उनकी बेटी कीर्ति कश्यप के सपा में शामिल होने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न दलों के नेता PDA को मजबूत करने के लिए एकजुट हो रहे हैं। अखिलेश ने नीरज मौर्य और शिवपाल यादव का भी जिक्र किया।

शिवपाल यादव ने धर्मेंद्र कश्यप को अपना पुराना साथी बताया और कहा कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सभी वर्गों और जातियों के लोगों को जोड़ने का प्रयास करेगी।

अखिलेश ने दावा किया कि चुनाव की तारीख घोषित होते ही बीजेपी की हार तय हो जाएगी। उन्होंने बीजेपी पर चुनाव जीतने के लिए बेईमानी और हेराफेरी का सहारा लेने का आरोप लगाया तथा आगामी चुनावों से पहले मतदाता सूचियों को दुरुस्त करने की मांग की।

Also Read: UP चुनाव से पहले BJP-BSP में सेंध! 10 नेताओं ने थामा सपा का दामन, देखें पूरी लिस्ट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.