पूर्व मिस स्विट्जरलैंड ने ट्रंप पर लगाए रेप के आरोप, कहा- 1993 में होटल के कमरे में हुई दरिंदगी
Donald Trump Rape Allegation: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर यौन हमले के आरोपों को लेकर चर्चा में हैं। पूर्व मिस स्विट्जरलैंड बीट्रिस केउल (Beatrice Keul) ने आरोप लगाया है कि 1993 में न्यूयॉर्क के एक होटल में ट्रंप ने उनके साथ जबरन दुष्कर्म किया था।
यह दावा अमेरिकी कांग्रेस की हाउस ज्यूडिशियरी कमेटी के डेमोक्रेट सदस्यों की ओर से जारी एक रिपोर्ट में शामिल है। रिपोर्ट में ट्रंप और जेफरी एपस्टीन (Jeffrey Epstein) के कथित संबंधों की भी जांच की गई है। हालांकि, व्हाइट हाउस ने इन आरोपों को झूठा बताते हुए खारिज किया है।
वीजा और यूनिवर्सिटी में दाखिले का मिला था भरोसा
रिपोर्ट के मुताबिक, नवंबर 1993 में 24 वर्षीय बीट्रिस केउल को अटलांटिक सिटी और न्यूयॉर्क में आयोजित एक पेजेंट में शामिल होने के लिए बुलाया गया था। उन्होंने बताया कि प्लाजा होटल में एक प्रेस लंच के दौरान उनकी मुलाकात ट्रंप से हुई थी। आरोप है कि ट्रंप ने उन्हें वीजा और न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में दाखिले में मदद करने की पेशकश की।
केउल के अनुसार, बाद में एपस्टीन ने भी उनसे संपर्क किया और मदद का भरोसा दिया। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इसके बाद ट्रंप के एक प्रतिनिधि ने उन्हें होटल के कमरे में बुलाया। करियर और पढ़ाई में सहायता मिलने की उम्मीद में वह वहां पहुंचीं।
Beatrice Keul ने आरोप लगाया कि कमरे में ट्रंप ने उन्हें पीछे से पकड़ लिया और जबरन दुष्कर्म किया। उनके मुताबिक, घटना के दौरान कपड़े फट गए और शरीर पर चोटें आईं। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि घटना के बाद Donald Trump ने उनसे चुप रहने को कहा और मदद का भरोसा दोहराया।
व्हाइट हाउस ने आरोपों को बताया राजनीतिक कोशिश
व्हाइट हाउस की प्रवक्ता लॉरेन बिस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ये सच नहीं हैं और कांग्रेस की रिपोर्ट राष्ट्रपति को निशाना बनाने की राजनीतिक कोशिश है। रिपोर्ट में जिल हार्थ की ओर से 1997 में ट्रंप के खिलाफ दायर यौन उत्पीड़न के मुकदमे का भी उल्लेख किया गया है।
केउल के इन आरोपों (Donald Trump Rape Allegation) के संबंध में कोई आपराधिक मामला दर्ज होने की जानकारी उपलब्ध नहीं है। वहीं, लेखक ई. जीन कैरोल (E. Jean Carroll) के मामले में मई 2023 में एक दीवानी जूरी ने ट्रंप को यौन शोषण और मानहानि के लिए जिम्मेदार ठहराया था। ट्रंप ने उस मामले में भी आरोपों से इनकार किया था।

