UP MLC Election Result: BJP ने 2 सीटें जीती, 3-3 सीटों पर सपा-बीजेपी आगे, मतगणना में हंगामा
UP MLC Election Result 2026: उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों पर हुए चुनाव की मतगणना के बीच बीजेपी (BJP) ने मेरठ की शिक्षक और स्नातक, दोनों सीटों पर जीत दर्ज कर ली है। वहीं, समाजवादी पार्टी और बीजेपी तीन-तीन सीटों पर आगे चल रही हैं। खबर लिखे जाने तक आठ सीटों के रुझान और नतीजे सामने आए थे, जबकि तीन सीटों पर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई थी।
इन चुनावों को 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और सपा के प्रदर्शन के लिहाज से अहम माना जा रहा है। प्रदेश की पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। मतगणना लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में कराई जा रही है। कुल 152 उम्मीदवार मैदान में हैं और मतदान का आंकड़ा 55.24 प्रतिशत रहा।
वाराणसी, आगरा और झांसी में सपा को बढ़त
फिलहाल मेरठ शिक्षक सीट पर बीजेपी के श्रीचंद अग्रवाल ने सपा के नितिन कुमार तोमर को हराया, जबकि स्नातक सीट पर बीजेपी के दिनेश गोयल ने सपा के प्रमेंद्र भाटी को शिकस्त दी।
UP MLC Election 2026 के रुझानों में वाराणसी शिक्षक सीट पर सपा के लाल बिहारी, आगरा शिक्षक सीट पर आकाश अग्रवाल और इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट पर मान सिंह आगे बताए गए। दूसरी ओर, लखनऊ शिक्षक सीट पर बीजेपी के उमेश द्विवेदी और बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट पर बीजेपी के हरि सिंह ढिल्लो बढ़त बनाए हुए थे। गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट पर बीजेपी के ध्रुव कुमार त्रिपाठी आगे थे।
मतपत्रों को लेकर विवाद, अखिलेश यादव ने उठाए सवाल
मतगणना के दौरान लखनऊ में वैध और अवैध मतपत्रों को लेकर हंगामे की खबर सामने आई। आगरा शिक्षक सीट पर भी निरस्त मतपत्रों को लेकर विवाद हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक, पहले चक्र की गिनती में 861 मत निरस्त हुए और मतगणना करीब तीन घंटे तक रुकी रही।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने मतगणना में देरी और हर राउंड के नतीजे सार्वजनिक नहीं किए जाने को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने निष्पक्ष और पारदर्शी मतगणना की मांग की।
Also Read: चुनाव से पहले बीजेपी को झटका, पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप बेटी कीर्ति संग सपा में शामिल

