भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को UAE का सर्वोच्च नागरिक सम्मान
Sandesh Wahak Digital Desk: दुबाई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट (FZ1073) को एक भयानक प्लेन क्रैश और हाइजैकिंग की साजिश से बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया है। यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के निर्देश पर दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने कैप्टन मच्छार और उनके क्रू मेंबर्स को प्रथम श्रेणी के ऑर्डर ऑफ जायद II से सम्मानित किया।
कॉकपिट में हुआ था हमला
यह घटना 30 सितंबर को हुई थी, जब कॉकपिट के अंदर ही सिरफिरे सह-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर जानलेवा हमला कर विमान का नियंत्रण हासिल करने का प्रयास किया। यूएई अभियोजकों की जांच के अनुसार, आरोपी की मंशा इजरायल के बेन गुरियन हवाई अड्डे पर विमान को क्रैश कराकर बड़ा नरसंहार करने की थी। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिसके बाद क्रू मेंबर्स और यात्रियों ने हमलावर को दबोच लिया। इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया गया था।
इजरायल भी देगा नागरिक वीरता सम्मान
कैप्टन मच्छार की इस सूझबूझ और अदम्य साहस की तारीफ भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू भी कर चुके हैं। इसके अलावा इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने भी कैप्टन स्मित मच्छार को देश के नागरिक वीरता सम्मान से सम्मानित करने का ऐलान किया है। यूएई के शीर्ष नेतृत्व ने इस साहसिक कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा देश की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

