आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा उम्मीदवार आकाश अग्रवाल की जीत, बूथ कैप्चरिंग का लगाया था आरोप

Agra News: उत्तर प्रदेश के शिक्षक एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा उम्मीदवार डॉ. आकाश अग्रवाल ने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी को शिकस्त देकर इस सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। इससे पहले आकाश अग्रवाल ने साल 2020 में भी इसी सीट से एक निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की थी, और इस बार उन्होंने सपा के टिकट पर मैदान में उतरकर अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा है।

जीत के बाद अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया

मतदान के दौरान सपा उम्मीदवार आकाश अग्रवाल ने सत्ता पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि उनके शिक्षक साथियों को डराया-धमकाया गया और बूथ कैप्चरिंग जैसी घटनाएं हुईं। जीत के बाद उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए दुखद बताया। वहीं, इस जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बधाई दी और बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। अखिलेश यादव ने लिखा कि पीडीए (PDA) में अब ए का मतलब अग्रवाल-अग्रवंशी भी है। उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज के जुड़ने से पार्टी का जनाधार और मनोबल कई गुना बढ़ गया है।

यूपी एमएलसी चुनावों में सियासी समीकरण

उल्लेखनीय है कि यूपी के इन एमएलसी चुनावों में भाजपा ने जहाँ चार सीटों पर जीत दर्ज की है और दो सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, वहीं मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी ने भी वाराणसी और आगरा शिक्षक सीटों पर जीत हासिल कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।

Also Read: तीन बार के एशियन पैरा गेम्स चैंपियन नीरज यादव ने की खुदकुशी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.