UP MLC Election: जीत से गदगद अखिलेश यादव, बोले- जुलूस नहीं निकालें, सोशल मीडिया पर मनाएं जश्न

UP MLC Election: उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव के नतीजों से समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव उत्साहित हैं। सपा ने पिछले चुनाव के मुकाबले अपनी सीटों की संख्या बढ़ाई है। इसी को लेकर अखिलेश ने जीतने वाले प्रत्याशियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। हालांकि, उन्होंने जश्न के दौरान सावधानी बरतने की सलाह भी दी है। अखिलेश ने साफ कहा कि जीत के बाद कोई हो-हल्ला या जुलूस नहीं निकालना है। जश्न सोशल मीडिया के जरिए मनाना है, ताकि कोई माहौल बिगाड़ने की कोशिश न कर सके।

MLC चुनाव में सपा को फायदा, भाजपा को नुकसान

यूपी एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी ने 11 में से तीन सीटें जीत ली हैं, जबकि दो सीटों पर उसके प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। दूसरी ओर, भाजपा पांच सीटें जीत चुकी है और एक सीट पर बढ़त बनाए हुए है। अगर दोनों दलों की बढ़त बरकरार रहती है, तो भाजपा के खाते में छह और सपा के खाते में पांच सीटें आ सकती हैं।

भले ही सीटों के मामले में सपा भाजपा से एक कदम पीछे रहे, लेकिन पिछले चुनाव के मुकाबले उसका प्रदर्शन बेहतर हुआ है। पिछली बार भाजपा ने छह, सपा ने तीन और निर्दलीय प्रत्याशियों ने दो सीटें जीती थीं। इनमें से एक निर्दलीय बाद में भाजपा में शामिल हो गया था। इस तरह भाजपा के पास कुल सात सीटें थीं।

इस बार भाजपा को छह सीटें मिलने पर उसे एक सीट का नुकसान होगा, जबकि सपा की सीटें तीन से बढ़कर पांच हो सकती हैं। इसी वजह से भाजपा से एक सीट कम मिलने के बावजूद सपा इसे अपनी बड़ी कामयाबी मान रही है।

वाराणसी की दोनों सीटों पर भाजपा को झटका, लखनऊ सीट सपा के खाते में

इस चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी की दोनों सीटों पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा लखनऊ तक की स्नातक सीट भी सपा भाजपा से छीन रही है। इन नतीजों को पार्टी के लिए अहम बढ़त के तौर पर देखा जा रहा है।

अखिलेश की अपील- जुलूस नहीं निकालें, सोशल मीडिया पर दें जीत की जानकारी

मतगणना पूरी होने से पहले ही अखिलेश यादव ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई दी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा, “आपको और आपके साथियों को जीत की बहुत-बहुत बधाई, लेकिन ध्यान रहे, हमें शांति से इसे सोशल मीडिया के ज़रिए लोगों तक पहुंचाना है। कोई हो-हल्ला या जुलूस नहीं, जिससे भाजपाई हमारे बीच घुसकर माहौल को बिगाड़ न पाएं और हम पर हुड़दंग करने का आरोप न लगा पाएं।”

अखिलेश ने कार्यकर्ताओं को सतर्क करते हुए कहा कि उन्हें हर तरह के षड्यंत्र और झूठे आरोपों से बचना है, क्योंकि आगे विधानसभा चुनाव है। उन्होंने आशंका जताई कि भाजपा गुंडागर्दी की साजिश करके कभी भी सपा की छवि खराब करने की कोशिश कर सकती है।

सपा अध्यक्ष ने जीतने वाले प्रत्याशियों से यह भी कहा कि वह खुद सभी का अभिनंदन करेंगे। उन्होंने कहा, “हम आप सबका अभिनंदन स्वयं करेंगे, हो सका तो आपके क्षेत्र में आकर करेंगे।”

इसके साथ ही अखिलेश ने सभी जीते हुए एमएलसी से उन लोगों की सूची तैयार करने को कहा, जिन्होंने चुनाव में उनका समर्थन और सहयोग किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जीत में योगदान देने वाले सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और शुभचिंतकों का भी सम्मान किया जाएगा।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.