खलनायक 2 में सलमान खान की एंट्री पर सस्पेंस, सुभाष घई ने कास्टिंग पर दिया बड़ा अपडेट

Khalnayak 2: साल 1993 में रिलीज हुई संजय दत्त की सुपरहिट फिल्म ‘खलनायक’ के सीक्वल को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है। फिल्म में संजय दत्त एक बार फिर बल्लू के किरदार में नजर आ सकते हैं। इसी बीच खबरें हैं कि सलमान खान भी ‘खलनायक 2’ का हिस्सा बन सकते हैं। चर्चा है कि वह फिल्म में एक पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाएंगे, जो संजय दत्त के किरदार की मदद करता नजर आएगा।

हालांकि, सलमान खान की एंट्री को लेकर अभी आधिकारिक मुहर नहीं लगी है। फिल्म के निर्देशक सुभाष घई ने भी इस बारे में जल्दबाजी में कोई फैसला सुनाने से इनकार किया है।

सलमान खान के लिए तैयार हो रहा खास किरदार?

मिड-डे की रिपोर्ट के मुताबिक, सुभाष घई अपनी राइटिंग टीम के साथ मिलकर सलमान खान के लिए एक खास किरदार तैयार करने पर काम कर रहे हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सलमान फिल्म में ऐसे पुलिसवाले की भूमिका निभा सकते हैं, जो बल्लू की मदद करेगा।

फिल्म से जुड़े सूत्रों ने पोर्टल को बताया, “रोल (सलमान खान) फिल्म की कहानी पर असर डालेगा। ऐसा पुलिसवाला जो संजय दत्त के किरदार की मदद करेगा। इस मददगार किरदार को निभाने के लिए सलमान खान से बेहतर कौन हो सकता है? कास्टिंग अभी लॉक नहीं हुई है क्योंकि स्क्रिप्ट अभी तैयार हो रही है।”

फिलहाल फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले पर काम चल रहा है। स्क्रिप्ट पूरी होने के बाद ही मेकर्स कलाकारों के नाम तय करेंगे। इसलिए सलमान खान की मौजूदगी को अभी पक्का नहीं माना जा सकता।

सलमान के नाम पर सुभाष घई ने क्या कहा?

फिल्म में सलमान खान की संभावित एंट्री पर सुभाष घई ने कहा कि अभी इस बारे में कुछ कहना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा, “अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। स्क्रिप्टिंग अभी चल रही है, और एक बार स्क्रिप्ट पूरी होने के बाद, हमें पता होगा कि हम कहां हैं।”

अगर सलमान खान इस फिल्म में काम करते हैं, तो सुभाष घई के साथ यह उनका दूसरा प्रोजेक्ट होगा। इससे पहले दोनों ने साल 2008 में रिलीज हुई फिल्म ‘युवराज’ में साथ काम किया था।

सलमान की ‘मातृभूमि’ और पुरानी ‘खलनायक’ की यादें

सलमान खान की आने वाली फिल्म ‘मातृभूमि’ भी चर्चा में है। लंबे इंतजार के बाद यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होने की तैयारी में है, हालांकि अभी इसकी रिलीज डेट सामने नहीं आई है। अपूर्वा लाखिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी भारत और चीन के बीच गलवान घाटी में हुई झड़प पर आधारित होगी। फिल्म में सलमान के साथ चित्रांगदा सिंह भी नजर आएंगी।

वहीं, साल 1993 में आई मूल फिल्म ‘खलनायक’ का निर्देशन सुभाष घई ने किया था। इसमें संजय दत्त के साथ जैकी श्रॉफ, माधुरी दीक्षित, राखी गुलजार, अनुपम खेर और राम्या कृष्णन ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर रही थी। IMDb पर इसे 7.1 की रेटिंग मिली हुई है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.