लखनऊ ट्रिपल मर्डर: राजेश शुक्ला और दिव्या पर 25-25 हजार का इनाम, पुलिस की 4 टीमें तलाश में जुटी

Lucknow Triple Murder Case: लखनऊ के ब्राह्मण टोला ट्रिपल मर्डर केस में फरार राजेश शुक्ला और दिव्या पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें बनाई गई हैं। डीसीपी वेस्ट के मुताबिक, सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से उनकी लोकेशन तलाश की जा रही है।

फरार आरोपियों को शरण या आर्थिक मदद देने वालों पर भी कार्रवाई होगी। इलाके में तनाव को देखते हुए पीड़ित परिवार और आरोपी के सील मकान के बाहर पुलिस बल तैनात है।

करवा चौथ पर दो परिवारों में पसरा मातम

गुरुवार को करवा चौथ के दिन मृतक शिवाजी तिवारी और उनके छोटे भाई शिवेंद्र उर्फ शंभू तिवारी के परिवारों में मातम पसरा रहा। दोनों की पत्नियां दिनभर अपने पतियों को याद कर रोती रहीं। हत्याकांड में परिवार के सभी पुरुष सदस्यों की मौत के बाद घर की महिलाएं बेसहारा हो गई हैं। रिश्तेदार मनोज अवस्थी के मुताबिक, दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए घर में गरुड़ पुराण का पाठ कराया जा रहा है।

परिजनों ने यह भी नाराजगी जताई कि कुछ लोग सांत्वना देने के बजाय मोबाइल से रील और तस्वीरें बनाने पहुंचे। वहीं, LDA की बुलडोजर कार्रवाई को अधूरा बताते हुए उन्होंने पूरे अवैध मकान को गिराने की मांग की है।

पार्किंग विवाद में हुई थी तीन हत्याएं

गौरतलब है कि 26 अक्टूबर को ब्राह्मण टोला में कार पार्किंग और चबूतरे को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि पड़ोसी और पूर्व मर्चेंट नेवी अफसर ऋषभ शुक्ला ने गोलीबारी कर रिटायर्ड सचिवालय कर्मी और RSS के पूर्व जिला सर कार्यवाह 62 वर्षीय शिवाजी तिवारी, उनके 30 वर्षीय बेटे सुयश और भाई शंभू तिवारी की हत्या कर दी थी।

पुलिस मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। राजेश शुक्ला और दिव्या समेत बाकी फरार नामजद आरोपियों की तलाश जारी है।

Also Read: लखनऊ ट्रिपल मर्डर मामले में ACS होम और DGP ने दिया न्याय का भरोसा, बुलडोजर के बाद ETS मशीन से नजूल जमीन की पैमाइश शुरू

Get real time updates directly on you device, subscribe now.