अखिलेश का आरोप, फर्जी फॉर्म-7 से काटे जा रहे वोट, बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग
Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए प्रदेश में 26 हजार प्राथमिक विद्यालय बंद किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 20 से अधिक परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं। इससे शिक्षकों और युवाओं में नाराजगी है। अखिलेश ने दोहराया कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा दी जाएगी।
उन्होंने दावा किया कि महिला शिक्षकों ने भी चुनाव में भाजपा के खिलाफ मतदान किया है। अखिलेश ने सरकारी नौकरियों में आरक्षित पदों, बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने और काशी में हो रहे विकास कार्यों को लेकर भी भाजपा सरकार से सवाल किए।
सपा प्रमुख ने कहा कि वाराणसी के चुनाव परिणाम भाजपा के लिए बड़ा झटका हैं। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी।
फर्जी फॉर्म-7 से नाम काटने का आरोप, आधार से जोड़ने की मांग
मतदाता सूची को लेकर अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि फर्जी फॉर्म-7 के जरिए मतदाताओं के नाम कटवाए गए हैं। उन्होंने चुनाव आयोग से मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए तकनीक और बायोमेट्रिक व्यवस्था का इस्तेमाल करने की मांग की।
उन्होंने मतदाता सूची को आधार कार्ड से जोड़ने की मांग भी उठाई। इसके साथ ही अखिलेश ने ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से मतदान कराने की अपनी मांग दोहराई।
सपा कार्यालय में नवनिर्वाचित MLC और पार्टी नेता रहे मौजूद
समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव के साथ नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्य लाल बिहारी यादव, डॉ. मान सिंह यादव, डॉ. आकाश अग्रवाल, कांती सिंह और आशुतोष सिन्हा मौजूद रहे।
इसके अलावा सांसद सनातन पांडेय, डॉ. एसपी सिंह पटेल, नेता प्रतिपक्ष जासमीर अंसारी, राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल और विधायक रविदास मेहरोत्रा समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

