अखिलेश यादव का ऐलान, 2027 में नहीं लड़ेंगे चुनाव, बोले- ‘सीधे CM पद की शपथ लूंगा’

UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया है। मंगलवार को वाराणसी पहुंचे अखिलेश ने कहा कि वह अगला विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे और सीधे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। काशी की किसी सीट से चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनके लिए यही शुभ है और वह वही करेंगे जो शुभ होगा।

मीडिया से बातचीत में अखिलेश ने कहा, “हम तब मुख्यमंत्री बनते हैं जब चुनाव नहीं लड़ते हैं। पिछली बार कहां से मुख्यमंत्री बना था, बताओ? लोकसभा से… तो फिर वहीं से आकर शपथ लूंगा।”

दरअसल, 2012 में मुख्यमंत्री बनने के समय अखिलेश यादव कन्नौज से लोकसभा सांसद थे। वह उत्तर प्रदेश विधानमंडल के किसी सदन के सदस्य नहीं थे। मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद उन्होंने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था।

योगी सरकार और बीजेपी पर साधा निशाना

वाराणसी में Akhilesh Yadav ने योगी सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन सपा उम्मीदवार को एमएलसी चुनाव हरवाना चाहता था, लेकिन बाबा विश्वनाथ ने डबल आशीर्वाद दे दिया। उन्होंने दालमंडी में हटाई गई दुकानों और प्रभावित व्यापारियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह मामला 2027 के विधानसभा चुनाव में भी उठेगा।

सपा प्रमुख ने दावा किया कि बीजेपी आगामी चुनाव में अपने 200 विधायकों के टिकट काटने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि मां गंगा ने जिसे बुलाया था, उसी ने मां गंगा को भुला दिया।

अखिलेश ने मणिकर्णिका घाट की विरासत को लेकर भी बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पार्टी ने घाट की विरासत मिटाने की कोशिश की और एमएलसी चुनाव में इसका जवाब मिला है। उन्होंने बीजेपी को असली अराजक बताते हुए बांदा में नवजात बच्चे को कुत्ते द्वारा नोचे जाने की घटना का जिक्र किया। साथ ही बरेली आए केंद्रीय मंत्री से शाहजहांपुर जाने को कहा।

बनारस में मेट्रो बनाने का वादा

अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी की सरकार जाने पर बनारस मुस्कुराएगा और समाजवादी सरकार बनने पर शहर में मेट्रो बनाने का काम होगा। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम को लेकर दिए गए बयानों पर भी उन्होंने बीजेपी को घेरा। अखिलेश ने कहा कि नकली सनातनियों के बयानों से लोग दुखी हैं और ऐसे लोगों को रोका जाना चाहिए।

Also Read: ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, बोले- विश्वनाथ दरबार जाने की हिम्मत नहीं, तुष्टिकरण में डूबे हैं सपा प्रमुख

Get real time updates directly on you device, subscribe now.