राजस्थान में ट्रेन को उड़ाने की साजिश नाकाम, ट्रेन गुजरने के 45 मिनट बाद रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट

Rajasthan Railway Track Explosion: राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाके से हड़कंप मच गया। अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर हुए इस ब्लास्ट में ट्रैक के पास लगे सीमेंट के पिलर पूरी तरह बिखर गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, धमाके के जरिए अनूपगढ़-बठिंडा पैसेंजर ट्रेन को निशाना बनाने की साजिश थी, लेकिन ट्रेन के गुजर जाने के बाद विस्फोट हुआ। घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है।

धमाके की सूचना मिलते ही श्रीगंगानगर के एसपी, रेलवे प्रशासन, एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीमें मौके पर पहुंचीं। जांच के लिए घटनास्थल को सुरक्षा घेरे में लेकर सबूत जुटाए जा रहे हैं। ब्लास्ट के बाद इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है।

ट्रेन गुजरने के 45 मिनट बाद हुआ धमाका

मिली जानकारी के अनुसार, जिस ट्रैक पर विस्फोट हुआ, वहां से करीब 45 मिनट पहले एक पैसेंजर ट्रेन गुजरी थी। इसके बाद अचानक जोरदार धमाका हुआ। आवाज आसपास के इलाकों तक सुनाई दी। विस्फोट इतना तेज था कि ट्रैक के पास लगे सीमेंट के कई पिलर टूटकर बिखर गए। उनके अंदर लगा सरिया बाहर निकल आया और रेलवे ट्रैक पर बिछी गिट्टी भी दूर तक फैल गई।

ATS और FSL की टीमें जांच में जुटीं

घटना (Rajasthan Railway Track Explosion) के बाद पुलिस और जांच एजेंसियों ने मौके का निरीक्षण किया। शुरुआती जानकारी में आशंका जताई गई है कि अनूपगढ़-बठिंडा ट्रेन को निशाना बनाने के इरादे से विस्फोट की योजना बनाई गई थी। हालांकि, इस साजिश और धमाके के पीछे किसका हाथ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

फिलहाल ATS और FSL की टीमें विस्फोट के कारणों और इस्तेमाल की गई सामग्री का पता लगाने में जुटी हैं। रेलवे प्रशासन भी ट्रैक को हुए नुकसान का आकलन कर रहा है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Also Read: चक्रवात मुरासु का आंध्र प्रदेश में लैंडफॉल पूरा, छह जिले सबसे अधिक प्रभावित

Get real time updates directly on you device, subscribe now.