दिवाली पर UP की 1.89 करोड़ महिलाओं को मिलेगी गैस सब्सिडी, CM योगी ने लाभार्थियों को सौंपे चेक
UP Ujjwala Yojana Diwali Gas Subsidy: दिवाली के मौके पर उत्तर प्रदेश की 1.89 करोड़ से अधिक महिलाओं और उनके परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर रिफिल पर सब्सिडी का लाभ दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत लाभार्थियों को सब्सिडी की राशि के चेक सौंपे। सरकार का कहना है कि इस पहल से त्योहार के दौरान गरीब और जरूरतमंद परिवारों को गैस सिलेंडर के खर्च में राहत मिलेगी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छी सरकार वही होती है, जो जनहित में काम करे और आम लोगों की समस्याओं का समाधान निकाले। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले गरीब परिवारों के लिए रसोई गैस कनेक्शन लेना आसान नहीं था। लोगों को इसके लिए काफी परेशानी उठानी पड़ती थी और कई बार अतिरिक्त पैसे भी खर्च करने पड़ते थे।
बलिया से शुरू हुई थी Ujjwala Yojana
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं की परेशानी को समझते हुए उज्ज्वला योजना शुरू की थी। इस योजना की शुरुआत 1 मई 2016 को उत्तर प्रदेश के बलिया (Ballia) से हुई थी। इसका उद्देश्य गरीब परिवारों की महिलाओं को लकड़ी और उपलों के धुएं से राहत दिलाकर रसोई गैस उपलब्ध कराना था।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, योजना के तहत गरीब परिवारों को मुफ्त गैस कनेक्शन दिए गए और सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजने की व्यवस्था की गई।
धुएं से राहत देने की दिशा में कदम
सीएम योगी ने कहा कि पहले महिलाओं को चूल्हे पर खाना बनाते समय धुएं का सामना करना पड़ता था, जिसका असर उनकी सेहत पर भी पड़ता था। उज्ज्वला योजना से उन्हें इस परेशानी से राहत मिली है। दिवाली पर सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी (UP Ujjwala Yojana Diwali Gas Subsidy) इसी योजना के तहत परिवारों को आर्थिक मदद देने का एक और प्रयास है।
Also Read: पीलीभीत में 200 एकड़ में बनेगा बायो-फार्मा पार्क, वैक्सीन-इंसुलिन का होगा उत्पादन

