26 नवंबर को लॉन्च होगी 100% बायोएथेनॉल इनोवा, गडकरी बोले- पेट्रोल के मुकाबले 25-30 रुपये प्रति लीटर आएगी लागत

Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने हरित और स्वच्छ परिवहन की दिशा में एक बड़ी घोषणा की है। नई दिल्ली में आयोजित पावरिंग द नेक्स्ट माइल कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि 26 नवंबर को टोयोटा की इनोवा का 100 प्रतिशत बायोएथेनॉल-आधारित मॉडल लॉन्च किया जाएगा, जो पेट्रोल के बजाय पूरी तरह से एथेनॉल पर चलेगा।

परिचालन लागत में होगी भारी बचत

नितिन गडकरी ने ईंधन की कीमतों का गणित समझाते हुए कहा कि वर्तमान में एथेनॉल लगभग 75 रुपये प्रति लीटर उपलब्ध है, जबकि पेट्रोल की कीमत करीब 120 रुपये प्रति लीटर है। इसके अलावा, यह नया फ्लेक्स-फ्यूल वाहन अपनी 60 प्रतिशत ऊर्जा चलते समय बिजली से उत्पन्न करेगा। इस तरह औसत परिचालन लागत (ऑपरेटिंग कॉस्ट) की गणना करें, तो इसका प्रभावी खर्च पेट्रोल की तुलना में महज 25 से 30 रुपये प्रति लीटर के बराबर पड़ेगा, जिससे उपभोक्ताओं को ईंधन खर्च में भारी बचत होगी।

लिथियम-आयन बैटरी की कीमतों में गिरावट और EV सेक्टर का विकास

गडकरी ने देश में इलेक्ट्रिक वाहनों के विकास यात्रा को रेखांकित करते हुए कहा कि लिथियम-आयन बैटरी की कीमतें 150 डॉलर प्रति किलोवाट-घंटा से घटकर अब 50 डॉलर प्रति किलोवाट-घंटा पर आ गई हैं, हालांकि बढ़ती वैश्विक मांग के कारण हाल के दिनों में गिरावट की रफ्तार थोड़ी थमी है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक और फ्लेक्स-फ्यूल वाहन अपनी कम ऑपरेटिंग कॉस्ट के कारण उपभोक्ताओं को सीधा आर्थिक लाभ पहुँचा रहे हैं और भारत को ऊर्जा आयात पर निर्भरता कम करने में मदद करेंगे।

Also Read: बिना फीस दिए घर बैठे सीखें AI से लेकर कोडिंग तक, ये 8 सरकारी प्लेटफॉर्म आएंगे काम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.