गंगोत्री हाईवे पर नदी में गिरी इनोवा कार, 4 के शव बरामद, सर्च ऑपरेशन जारी
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी धर्मकुंड के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। डबरानी की ओर जा रही एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर सीधे उफनती नदी में जा गिरी। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्राथमिक जानकारी के अनुसार वाहन में कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें से नदी किनारे से 4 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशों पर पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं। नदी का तेज बहाव रेस्क्यू अभियान में बड़ी चुनौती बना हुआ है। इसके बावजूद गोताखोरों और जल पुलिस की मदद से अन्य यात्रियों की तलाश के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हादसे में घायल एक व्यक्ति को मनेरी पुलिस की मदद से सड़क तक पहुँचाकर तत्काल अस्पताल भेजने का प्रयास किया जा रहा है।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य खुद इस पूरे राहत और बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन केंद्र और चिकित्सा टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और उनके परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश की जा रही है। इसके साथ ही प्रशासन ने हादसे के कारणों की तकनीकी जांच भी शुरू कर दी है।
Also Read: दिवाली के बीच UP में बम धमाकों की धमकी, अयोध्या-काशी-मथुरा निशाने पर, स्कूलों को भी चेतावनी

