‘वे आपको भी मार डालेंगे…’, सोनिया गांधी ने राजीव को PM बनने से रोका था, मिला था ऐसा जवाब
Sandesh Wahak Digital Desk: 31 अक्टूबर 1984 को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी (Indira Gandhi) की हत्या के बाद देश की राजनीति में बड़ा बदलाव आया। उस समय उनके बेटे राजीव गांधी (Rajiv Gandhi) पश्चिम बंगाल में एक रैली को संबोधित कर रहे थे। मां की हत्या की खबर मिलते ही वह दिल्ली पहुंचे और अस्पताल गए, जहां उनकी पत्नी सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) पहले से मौजूद थीं।
सोनिया गांधी ने अपनी नई किताब में उस दिन की मुलाकात का जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में राजीव गांधी ने उन्हें जानकारी दी कि पार्टी चाहती है कि वह देश के अगले प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लें। यह सुनते ही सोनिया घबरा गईं। उन्हें डर था कि इंदिरा गांधी के बाद राजीव गांधी भी निशाने पर आ सकते हैं।
राजीव के PM बनने की बात सुनकर रो पड़ी थीं सोनिया
सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) ने लिखा कि वह उस समय अपने पति के साथ कुछ पल अकेले बिताना चाहती थीं। राजीव ने जैसे ही उनसे बात शुरू की, उन्हें एहसास हो गया कि वह कुछ ऐसा बताने वाले हैं जिसे वह सुनना नहीं चाहती थीं।
सोनिया के मुताबिक, राजीव के प्रधानमंत्री बनने की बात सुनकर उन्हें ऐसा लगा जैसे किसी ने उनके दिल में चाकू घोंप दिया हो। उनके अंदर गुस्सा और डर दोनों थे। उन्होंने राजीव से सवाल किया कि उन्हें यह जिम्मेदारी लेने के लिए क्यों कहा जा रहा है।
सोनिया ने रोते हुए और हाथ जोड़कर राजीव से प्रधानमंत्री पद स्वीकार न करने की अपील की। उन्होंने कहा, “नहीं, आप इसके बारे में नहीं सोच सकते। आपको उन्हें रोकना होगा। आपको मना करना होगा। बच्चों की खातिर इससे इनकार कर दीजिए। आप हमारे साथ ऐसा नहीं कर सकते। वे आपको मार डालेंगे।”
राजीव गांधी ने दिया था ये जवाब
Sonia Gandhi के मुताबिक, उनकी विनती सुनने के बाद राजीव गांधी ने शांत भाव से जवाब दिया, “वे मुझे वैसे भी मार डालेंगे।”
इंदिरा गांधी की 31 अक्टूबर 1984 को नई दिल्ली स्थित उनके सरकारी आवास 1, सफदरजंग रोड पर उनके अंगरक्षकों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। उस घटना के बाद राजीव गांधी ने प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी।
Also Read: बाबरी ढांचा ढहने पर रो पड़ी थीं सोनिया गांधी, बोलीं- इमरजेंसी लगाना इंदिरा गांधी की गलती थी

