IPL में इतिहास रचने वाला सौदा? 150 करोड़ तक पहुंच सकती है एक खिलाड़ी की बोली
Sandesh Wahak Digital Desk: दुनिया की सबसे अमीर और लोकप्रिय क्रिकेट लीग इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) को लेकर एक बार फिर बड़ा दावा सामने आया है।
लीग के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने कहा है कि आने वाले वर्षों में IPL खिलाड़ियों की कमाई मौजूदा रिकॉर्ड से कई गुना बढ़ सकती है।
उनके मुताबिक, वर्ष 2030 तक टॉप क्लास खिलाड़ी एक सीजन के लिए करीब 150 करोड़ रुपये तक कमा सकते हैं।
ललित मोदी ने यह दावा इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन के साथ एक पॉडकास्ट बातचीत के दौरान किया। उन्होंने कहा कि 2030 के बाद IPL फ्रेंचाइजी का प्लेयर पर्स 100 मिलियन डॉलर (करीब 929 करोड़ रुपये) तक पहुंच सकता है।
ऐसे में एक स्टार खिलाड़ी को प्रति मैच लगभग 1 मिलियन डॉलर (करीब 9.3 करोड़ रुपये) तक मिलना संभव है।

जैकब बेथेल को बताया भविष्य का सुपरस्टार
ललित मोदी ने खास तौर पर इंग्लैंड के युवा ऑलराउंडर जैकब बेथेल का उदाहरण देते हुए कहा कि वह 2030 तक IPL में एक सीजन में 16 मिलियन डॉलर (करीब 150 करोड़ रुपये) कमा सकते हैं।
मोदी ने बेथेल के खेल में मौजूद X-फैक्टर और उनकी आक्रामक बल्लेबाज़ी की तारीफ की।
RCB के लिए कर चुके हैं IPL डेब्यू
21 वर्षीय जैकब बेथेल ने 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए IPL डेब्यू किया था और वह फ्रेंचाइजी के सबसे युवा विदेशी खिलाड़ियों में शामिल हैं।
अब तक खेले गए दो मैचों में उन्होंने 171.79 के स्ट्राइक रेट से 67 रन बनाए हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 33 गेंदों में 55 रन की अर्धशतकीय पारी के बाद RCB ने उन्हें 2026 सीजन के लिए 2.60 करोड़ रुपये में रिटेन किया है।
सोशल मीडिया पर छाया बयान
ललित मोदी का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। क्रिकेट फैंस और विशेषज्ञ इसे IPL की बढ़ती आर्थिक ताकत और ग्लोबल लोकप्रियता से जोड़कर देख रहे हैं।
हालांकि, 150 करोड़ की बोली सच में लगेगी या नहीं, यह भविष्य के बाजार और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर निर्भर करेगा।
Also Read: 0,0,0,0,0… IPL 2026 में हीरो से जीरो बने जसप्रीत बुमराह, जानें वजह

