छत्तीसगढ़ के बालोद में ट्रक-पिकअप की भीषण टक्कर, 6 लोगों की हुई मौत, कई घायल

Balod Road Accident: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शुक्रवार को नेशनल हाईवे-30 (NH-30) पर भीषण सड़क हादसा हो गया। धमतरी से कांकेर के बीच मरकटोला घाट में डीजे सिस्टम लेकर जा रही पिकअप और धान से लदे ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

ट्रक और पिकअप की टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव शुरू कर दिया। कुछ ही देर बाद पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान को आगे बढ़ाया।

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से बाहर निकाला और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे (Balod Road Accident) में जान गंवाने वालों की पहचान और घायलों की स्थिति को लेकर पुलिस जानकारी जुटा रही है।

भारी बारिश के बीच हुआ हादसा

मरकटोला घाट (Markatola Ghat) में गुरुवार रात से ही भारी बारिश हो रही थी। बारिश के कारण पहाड़ी इलाके में लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ गया है। पहाड़ी से बड़े पत्थर और मलबा गिरने की वजह से हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हो रहा है।

ऐसे मौसम में ट्रक और पिकअप की टक्कर के बाद सड़क पर आवाजाही और मुश्किल हो गई। पुलिस और प्रशासन की टीमें यातायात सुचारु रखने के साथ मलबा हटाने और रास्ते को सुरक्षित बनाए रखने में जुटी हैं।

फिलहाल पुलिस हादसे (Balod Road Accident) की वजह का पता लगाने में जुटी है। शुरुआती तौर पर बारिश और सड़क की परिस्थितियों को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

Also Read: अर्नब चक्रवात और मानसूनी आफत से 9 राज्यों में हाहाकार, सिक्किम में भूस्खलन से 20 मकान बहे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.