अभिजीत समेत CJP के 4 नेताओं को दिल्ली HC का नोटिस, PM मोदी की फेक फोटो मामले में घिरे
CJP Deepfake Case: दिल्ली हाईकोर्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के साथ एक महिला की कथित मॉर्फ्ड और आपत्तिजनक तस्वीर से जुड़े मामले में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के चार नेताओं को नोटिस जारी किया है। इनमें सौरव दास, अभिजीत दीपके, आशुतोष रांक और रत्ना सिंह के नाम शामिल हैं। महिला ने आरोप लगाया है कि उसकी निजी तस्वीर का इस्तेमाल कर AI फेस-स्वैपिंग के जरिए यह तस्वीर तैयार की गई और CJP के जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान इसे प्रदर्शित किया गया।
मामले में दिल्ली पुलिस के साइबर थाने में 24 सितंबर को FIR दर्ज की जा चुकी है। हालांकि, FIR में आरोपियों के नाम दर्ज नहीं किए गए हैं और पुलिस ने मामले की जांच जारी होने की बात कही है। महिला ने अपनी याचिका में चारों CJP नेताओं को जिम्मेदार बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
मेटा को तस्वीरें हटाने का निर्देश
महिला की याचिका पर सुनवाई के दौरान कोर्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मौजूद कथित Deepfake तस्वीरों और उनसे जुड़े कंटेंट को हटाने की मांग पर संज्ञान लिया। याचिका में Meta समेत अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से तस्वीरों को तत्काल हटाने और संबंधित लिंक को ब्लॉक करने की मांग की गई है।
याचिकाकर्ता के वकील उमेश शर्मा ने मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस करिया की पीठ के समक्ष मामले का विशेष उल्लेख करते हुए तत्काल सुनवाई की मांग की। उनका कहना था कि FIR दर्ज होने के बावजूद कथित तस्वीरों को हटाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए।
महिला ने लगाया धमकी देने का आरोप
याचिका में महिला ने दावा किया कि जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन के दौरान उसकी निजी तस्वीर कथित तौर पर बिना अनुमति हासिल की गई और AI आधारित फेस-स्वैपिंग टूल से उसे प्रधानमंत्री की तस्वीर के साथ जोड़कर आपत्तिजनक कंटेंट तैयार किया गया। इसके बाद पोस्टर और तस्वीरें प्रदर्शन में दिखाने तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का आरोप लगाया गया है।
महिला ने यह भी कहा है कि उसे धमकियां मिल रही हैं। कोर्ट ने पुलिस को उसकी सुरक्षा को लेकर संवेदनशीलता से कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। मामले में आगे की सुनवाई 14 अक्टूबर को होनी है।
Also Read: राहुल गांधी के वार के बाद विपक्ष का बड़ा मोर्चा, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आज देशभर में प्रदर्शन

