गाजीपुर: चेकिंग के नाम पर 3 सिपाही कर रहे थे वसूली, रील वायरल होते है SP ने किया सस्पेंड
Ghazipur News: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पुलिस विभाग से जुड़ा हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के मरदह टोल प्लाजा पर ड्यूटी छोड़कर कथित तौर पर वाहनों से अवैध वसूली करने के आरोप में तीन नए सिपाहियों पर कार्रवाई हुई है।
एसपी डॉ. ईरज राजा ने सोशल मीडिया पर Reel वायरल होने और शिकायत मिलने के बाद तीनों सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबित किए गए सिपाहियों की पहचान अजय सिंह, युवराज सिंह और दीपू कुशवाहा के रूप में हुई है।
तीनों सिपाही साल 2025 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। आरोप है कि निर्धारित ड्यूटी स्थल पर तैनात होने के बजाय तीनों पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के मरदह टोल प्लाजा पहुंच गए।
वहां कथित तौर पर वाहनों को रोककर चेकिंग के नाम पर वसूली की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद मामले की प्राथमिक जांच कराई गई, जिसमें आरोप सही पाए जाने के बाद निलंबन की कार्रवाई की गई।
Reel वायरल हुई तो खुला मामला
बताया गया कि चेकिंग और कथित वसूली के दौरान सिपाहियों द्वारा बनाई गई सोशल मीडिया Reel वायरल हो गई। यही Reel बाद में मामले की जांच में अहम कड़ी बनी।
मामले को पुलिस विभाग ने अनुशासनहीनता और कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही माना है। कार्रवाई के बाद तीनों सिपाहियों को गाजीपुर पुलिस लाइन से अटैच कर दिया गया है।
एसपी डॉ. ईरज राजा के मुताबिक, इस तरह के कृत्य से पुलिस विभाग की छवि प्रभावित होती है। तीनों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: कानपुर SBI के बैंक लॉकर से 50 लाख के पुश्तैनी जेवर गायब, कर्मचारियों पर FIR दर्ज

