अखिलेश ने किया मोहन यादव का समर्थन, बोले- BJP रच रही है बड़ी साजिश
UP Politics: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव इन दिनों जमीन खरीद से जुड़े विवाद को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। समाजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मोहन यादव का बचाव करते हुए कहा है कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है। साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर तीन मुख्यमंत्रियों को हटाने की योजना बनाने का आरोप भी लगाया।
दरअसल, एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट में दावा किया गया कि मुख्यमंत्री बनने के बाद मोहन यादव के परिवार ने उज्जैन में कई भूखंड खरीदे। रिपोर्ट के अनुसार, बाद में उन इलाकों में विकास कार्यों को मंजूरी भी दी गई। इस रिपोर्ट का हवाला देते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मोहन यादव पर पद के दुरुपयोग के आरोप लगाए।
जमीन विवाद पर अखिलेश का बड़ा बयान
लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि मोहन यादव को बदनाम करने के लिए यह पूरा मामला खड़ा किया गया है। उन्होंने कहा कि मोहन यादव पहले से रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े रहे हैं, इसलिए जमीन खरीद को लेकर लगाए जा रहे आरोप कोई नई बात नहीं हैं। अखिलेश ने दावा किया कि भाजपा मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री बदलने की रणनीति पर काम कर रही है।
वहीं, कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने अखबार की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि दिसंबर 2023 के बाद से मुख्यमंत्री यादव के परिवार और उनकी रियल एस्टेट कंपनियों ने उज्जैन में कम से कम 137 भूखंड खरीदे हैं। रिपोर्ट में इन भूखंडों का कुल क्षेत्रफल 168 एकड़ बताया गया है। इस पूरे मामले ने मध्य प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।

