अखिलेश यादव ने बिहार के सीएम के भविष्य पर की बड़ी टिप्पणी, ममता की जीत का भरा दम
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को जयपुर (राजस्थान) पहुंचे। एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जहां अन्याय और पीड़ा है, वहीं PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) एकजुट होकर सामाजिक न्याय का राज लाएगा।
“भाजपा की साजिश: फर्जी दस्तखत से कटवाए वोट”
अखिलेश यादव ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने समाजवादी पार्टी का वोट कम करने के लिए फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए फॉर्म-7 भरकर बड़े पैमाने पर नाम कटवाए। शिकायत के बावजूद चुनाव आयोग ने भाजपा के उन लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं की जिन्होंने फर्जी साइन किए थे। उत्तर प्रदेश के उपचुनावों और बंगाल में भी भाजपा के इशारे पर चुनिंदा बूथों से वोट काटे गए हैं।

विश्वगुरु के अवसर और प्रधानमंत्री का इजरायल दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विश्वगुरु’ वाले सपने पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वैश्विक संकट के दौरान भारत के पास एक बड़ा मौका था। उन्होंने कहा “अगर प्रधानमंत्री जी इजरायल दौरे के बाद वापस लौटते समय ईरान में उतर गए होते, तो आज पूरी दुनिया उन्हें विश्वगुरु मान लेती। लेकिन उन्होंने वह मौका खो दिया।”
महिलाओं के साथ हो रहा है ‘आरक्षण का छल’
महिला आरक्षण बिल पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा एक बार फिर महिलाओं को धोखा दे रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब आरक्षण 2029 में लागू होना है, तो इतनी जल्दबाजी क्यों? यह आरक्षण 2011 की जनगणना के बजाय नई जनगणना के आधार पर क्यों नहीं लाया जा रहा?

नीतीश कुमार और ममता बनर्जी पर बड़ी बात
विपक्षी गठबंधन और अन्य राज्यों की राजनीति पर अखिलेश यादव ने भविष्यवाणियां कीं। अखिलेश ने कहा, “हम चाहते थे कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री के रूप में रिटायर हों, लेकिन भाजपा के षडयंत्र के कारण अब वे राज्यसभा सांसद के रूप में रिटायर होंगे।” बंगाल में स्टिंग ऑपरेशन और साजिशों के बावजूद ममता बनर्जी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगी। 2027 में सपा उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराएगी, जिसके बाद राजस्थान में भी पार्टी को मजबूत किया जाएगा।
इस अवसर पर उनके साथ पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी भी मौजूद रहे। अखिलेश यादव ने भाजपा को झूठे वादों की पार्टी बताते हुए कहा कि उसने न तो किसानों की आय दोगुनी की और न ही महंगाई कम की।
Also Read: सपा का चुनाव आयोग पर ‘डिजिटल’ हमला, मतदाता सूची से नाम काटने पर उठाए सवाल

