भाजपा नेता को हनीट्रैप में फंसाया, अश्लील वीडियो बनाकर वसूले 2 लाख, दंपति गिरफ्तार
Aligarh News: अलीगढ़ के बन्नादेवी थाना क्षेत्र में पुलिस ने हनीट्रैप के जरिए लोगों से पैसे वसूलने वाले कथित गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में पति-पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोप है कि गैंग फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाकर प्रभावशाली लोगों को निशाना बनाता था। इसके बाद मिलने के बहाने बुलाकर अश्लील वीडियो रिकॉर्ड की जाती और ब्लैकमेल कर रकम मांगी जाती थी।
भाजपा नेता और अधिवक्ता निधीश कांत भट्ट की शिकायत पर 5 अगस्त को मुकदमा दर्ज हुआ था। उन्होंने पूजा नाम की महिला और अधिवक्ता अनूप कौशिक पर हनीट्रैप में फंसाकर 5 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया था। डर के चलते वह 2 लाख रुपये दे चुके थे। पुलिस के मुताबिक इस मामले में महिला काजल और उसके पति श्रवण कुमार को गिरफ्तार किया गया है। वरिष्ठ अधिवक्ता अनूप कौशिक की तलाश जारी है।
मोबाइल के बॉक्स में लगाते थे कैमरा
सीओ द्वितीय धनंजय सिंह के अनुसार, करीब डेढ़ साल पहले अनूप कौशिक ने काजल को हनीट्रैप की योजना बताई थी। कौशिक फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर टारगेट चुनता था। काजल पूजा कुमारी के नाम से बने अकाउंट से दोस्ती और चैट के जरिए लोगों को जाल में फंसाती थी।
पुलिस के अनुसार, मिलने के लिए फ्लैट में बुलाने के बाद मोबाइल के बॉक्स में छोटा छेद कर कैमरा लगाया जाता था। वीडियो बनने के बाद व्हाट्सएप कॉल और अधिवक्ता के फोन से कानूनी कार्रवाई की धमकी देकर लाखों रुपये मांगे जाते थे। रकम न देने पर वीडियो वायरल करने और दुष्कर्म का केस दर्ज कराने की धमकी दी जाती थी।
दूसरे जनप्रतिनिधि को भी फंसाने का दावा
पुलिस को आरोपियों के फोन से कई आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं। एक अन्य भाजपा जनप्रतिनिधि को भी फंसाने का दावा सामने आया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। वहीं महिला ने भाजपा नेता पर पद दिलाने के नाम पर शारीरिक संबंध बनाने और वीडियो से ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए थे। पुलिस की जांच में इन आरोपों को सही नहीं पाया गया है।

