AMU के कैनेडी हॉल में गूंजा जय श्रीराम और हर-हर महादेव, प्रगतिशील किसान हुए सम्मानित
Aligarh News: अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के ऐतिहासिक कैनेडी ऑडिटोरियम में शनिवार को एक ऐसा अनोखा दृश्य देखने को मिला, जिसकी पूरे शहर में जमकर चर्चा हो रही है। उद्यान विभाग की ओर से आयोजित औद्यानिक उन्नयन गोष्ठी के समापन के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के उद्यान एवं कृषि विपणन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने अपने भाषण का अंत जय श्रीराम के उद्घोष के साथ किया। इसके तुरंत बाद सभागार में मौजूद लोगों ने भी उत्साह में आकर “नमो पार्वती नमः” और “हर-हर महादेव” के गगनभेदी जयकारे लगाए।
एएमयू के इस परिसर में इस तरह के धार्मिक और सांस्कृतिक उद्घोषों का गूंजना क्षेत्र में कौतूहल और विमर्श का विषय बन गया है। कार्यक्रम के दौरान देशप्रेम की भावना से ओतप्रोत “भारत माता की जय” के नारे भी गूंजते रहे, जिसने माहौल को पूरी तरह ऊर्जावान बना दिया।
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में UP सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने "जय श्रीराम" के नारे लगाए। मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर आगरा–अलीगढ़ मंडल की गोष्ठी की गई थी, जिसका आयोजक उद्यान विभाग था। pic.twitter.com/DNiL9VXvVZ
— Sachin Gupta (@Sachingupta) June 12, 2026
आधुनिक बागवानी पर जोर
इस विशेष गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य अलीगढ़, आगरा और मेरठ मंडल के किसानों को आधुनिक बागवानी तकनीकों, फसल विविधीकरण (क्रॉप डायवर्सिफिकेशन), कृषि आधारित उद्यमिता और सरकार की लाभकारी योजनाओं से रूबरू कराना था।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने उन्नत तकनीकों को अपनाने और कृषि निर्यात की संभावनाओं को तलाशने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों की आय को दोगुना करने और उन्हें तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में बेहतरीन कार्य करने वाले तीनों मंडलों के प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने मंच से अपने कृषि प्रयोगों के अनुभव भी साझा किए। इस अवसर पर अलीगढ़ की कमिश्नर संगीता सिंह सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

बिन मौसम बरसात ने प्रदर्शनी में डाला खलल
कैनेडी हॉल परिसर में किसानों और कृषि विभाग के संयुक्त सहयोग से एक भव्य कृषि प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया था। इस प्रदर्शनी में उन्नत किस्म के बीज, फल, सब्जियां, जैविक उत्पाद और आधुनिक कृषि उपकरण आकर्षण का मुख्य केंद्र थे, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण और किसान पहुंचे थे। हालांकि, दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट बदली और तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। इस अचानक हुई बारिश की वजह से खुले में लगे कई स्टॉलों को काफी नुकसान पहुँचा और आयोजकों को कृषि उत्पादों व फसलों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

