अंबेडकरनगर: IPS आशुतोष मिश्रा की मां की हत्या, मुंह से निकल रहा था खून, जेवर भी गायब
Ambedkar Nagar News: अंबेडकर नगर के मालीपुर थाना क्षेत्र में 91 वर्षीय बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव घर के अंदर मिला। मृतका की पहचान प्रमोटी IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा (Ashutosh Mishra) की मां के रूप में हुई है। आशुतोष मिश्रा वर्तमान में लखनऊ स्थित पुलिस भवन कल्याण में एसपी के पद पर तैनात हैं।
घटना की जानकारी उस समय हुई, जब महिला की देखभाल करने वाली नौकरानी घर पहुंची। अंदर महिला को मृत देखकर उसने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मुंह से खून निकला, जेवर भी गायब
पुलिस के मुताबिक, महिला के शरीर पर कोई स्पष्ट चोट नहीं मिली है। हालांकि, उनके मुंह से खून निकलने की बात सामने आई है, जिसके बाद मौत को लेकर संदेह बढ़ गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मौत स्वाभाविक थी या इसके पीछे कोई आपराधिक घटना है।
जांच के दौरान महिला के रोजाना पहने जाने वाले जेवर भी घर से गायब मिले। इसको लेकर लूटपाट (Loot Case) की आशंका भी जताई जा रही है। IPS आशुतोष मिश्रा की ओर से मालीपुर थाने में लूटपाट को लेकर तहरीर दी गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस घर में आने-जाने वाले लोगों के साथ-साथ परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ कर रही है। घटनास्थल से मिले सुरागों और गायब जेवरों को जांच का अहम हिस्सा बनाया गया है।
फिलहाल पुलिस ने मौत की वजह को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट (Postmortem Report) से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि महिला की मौत बीमारी या किसी अन्य प्राकृतिक कारण से हुई अथवा मामला आपराधिक है। रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही पूरी तस्वीर साफ होगी।
Also Read: Bareilly News: शादी का झांसा देकर युवती का शोषण करने वाला चढ़ा पुलिस के हत्थे

