अरुणाचल में असम राइफल्स की पेट्रोलिंग टीम पर हमला, एक जवान शहीद, 4 घायल
Arunachal Pradesh Attack: अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार सीमा के पास मंगलवार सुबह असम राइफल्स की पेट्रोलिंग टीम पर संदिग्ध उग्रवादियों ने हमला कर दिया। करीब 6:30 बजे हुई फायरिंग में एक जवान की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं। घटना नंपोंग सर्कल के नंपोंग नाले के पास हुई, जहां सीमा पर बाड़ लगाने का काम भी चल रहा है।
पेट्रोलिंग के दौरान अचानक फायरिंग
अधिकारियों के मुताबिक, 21 असम राइफल्स की टीम इलाके में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध उग्रवादियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। हमले में 42 वर्षीय हवलदार जानखोकाई कुकी की मौत हो गई। चार घायल जवानों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी और कॉम्बिंग ऑपरेशन तेज कर दिया है। जंगल, नालों और सीमा से जुड़े रास्तों की जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी हैं।
NSCN-K-YA पर शक, आधिकारिक पुष्टि नहीं
शुरुआती रिपोर्टों में हमले के पीछे NSCN-K-YA यानी युंग आंग गुट के कैडरों की आशंका जताई गई है। हालांकि हमलावरों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। कुछ रिपोर्टों में ULFA-I का भी जिक्र है।
चांगलांग के SP किर्ली पाडू ने घटना की जानकारी मिलने की पुष्टि की और थाना प्रभारी को मामले की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए। असम राइफल्स ने हवलदार जानखोकाई कुकी को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई है।

