भारत में मैन्युफैक्चरिंग विस्तार की तैयारी में Oppo, इन भारतीय कंपनियों के साथ चल रही है बातचीत
Sandesh Wahak Digital Desk : चीनी स्मार्टफोन निर्माता ओप्पो भारत में अपनी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है। कंपनी भारतीय इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माता एम्बर ग्रुप और भगवती प्रोडक्ट्स के साथ संयुक्त उद्यम (जॉइंट वेंचर) स्थापित करने को लेकर बातचीत कर रही है।
स्थानीय उत्पादन बढ़ाने की तैयारी में कंपनी
सूत्रों के मुताबिक, यह बातचीत काफी समय से चल रही है और कंपनी इस साल के अंत तक भारत में स्थानीय उत्पादन को बढ़ाने की दिशा में ठोस कदम उठा सकती है। यह पहल ऐसे समय में सामने आई है, जब ओप्पो भारत में अपने परिचालन को अपने सब-ब्रांड वनप्लस और रियलमी के साथ और अधिक एकीकृत करने की रणनीति पर काम कर रही है।

गौरतलब है कि वनप्लस का वैश्विक परिचालन 2021 में ओप्पो में विलय कर दिया गया था, जबकि रियलमी भी इस साल की शुरुआत में इस ढांचे का हिस्सा बन गई।
कारोबारी ढांचे में बड़े बदलाव की तैयारी
सूत्रों का कहना है कि इस पुनर्गठन का मकसद सिर्फ स्थानीय स्तर पर उत्पादन बढ़ाना ही नहीं, बल्कि मैन्युफैक्चरिंग ऑपरेशंस को वितरण, बिक्री और बैकएंड कार्यों से अलग करना भी है, ताकि कारोबारी ढांचे को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाया जा सके।
विशेषज्ञों का मानना है कि भारत में चीनी स्मार्टफोन कंपनियों पर बढ़ती नियामकीय निगरानी और सरकार के स्थानीयकरण पर जोर के बीच ओप्पो अपनी रणनीति में बदलाव कर रही है।
भगवती प्रोडक्ट्स के साथ साझेदारी ज्यादा व्यावहारिक
सूत्रों के अनुसार, ओप्पो दोनों कंपनियों के साथ बातचीत कर रही है, लेकिन भगवती प्रोडक्ट्स के साथ साझेदारी ज्यादा व्यावहारिक मानी जा रही है। इसकी वजह यह है कि कंपनी की चीन की हुआकिन के साथ पहले से साझेदारी है, जो ओप्पो और वीवो जैसे ब्रांड्स के लिए स्मार्टफोन डिजाइन का काम करती है।
अगर यह साझेदारी अंतिम रूप लेती है, तो इससे भारत में स्मार्टफोन निर्माण को बढ़ावा मिलने के साथ कंपनी की स्थानीय उपस्थिति भी मजबूत हो सकती है।

