ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 संपन्न, PM मोदी बोले- यह सिर्फ देशों का समूह नहीं, समाधान का इकोसिस्टम है

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन का सफलतापूर्वक समापन हो गया। समापन सत्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ब्रिक्स सिर्फ विभिन्न देशों का एक संगठन नहीं है, बल्कि यह वैश्विक चुनौतियों के समाधान का एक सशक्त इकोसिस्टम बनकर उभरा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सम्मेलन में अपनाया गया नई दिल्ली डिक्लेरेशन सदस्य देशों के साझा दृष्टिकोण और भविष्य के रणनीतिक सहयोग को एक नई दिशा देगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने सम्मेलन को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए सभी सदस्य देशों के शीर्ष नेताओं और उनके प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। पीएम मोदी ने कहा कि दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान नेताओं द्वारा दिए गए महत्वपूर्ण विचारों और सुझावों ने ब्रिक्स के दायरे को न केवल व्यापकता दी है, बल्कि इसमें गहराई भी लाई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वैश्विक मंच पर इतने देशों की सक्रिय उपस्थिति ब्रिक्स की बढ़ती उपयोगिता, उदारता और समावेशिता का सबसे बड़ा प्रमाण है।

ठोस परिणामों पर ध्यान देने की जरूरत

ब्रिक्स के भावी रोडमैप पर बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह संगठन अब अपने तीसरे दशक में प्रवेश करने जा रहा है। ऐसे में आज पूरी दुनिया हमसे केवल विचारों और औपचारिक प्रतिबद्धताओं की नहीं, बल्कि धरातल पर दिखने वाले ठोस परिणामों की उम्मीद करती है। उन्होंने कहा कि हमें अपने सभी नीतिगत ढांचों को समयबद्ध कार्रवाई से जोड़ना होगा, ताकि इनका लाभ आम जनता के वास्तविक जीवन पर दिखाई दे। पीएम ने उम्मीद जताई कि सभी देश मिलकर दुनिया की इन अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरे उतरेंगे।

चीन को सौंपी गई अगली मेजबानी

संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अगले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मेजबान के रूप में चीन को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने सम्मेलन में आए सभी विदेशी मेहमानों की सुरक्षित और सुखद यात्रा की कामना करते हुए नई दिल्ली समिट को सफल बनाने के लिए पूरी टीम और सदस्य राष्ट्रों का अभिनंदन किया।

Also Read: सरकारी गेहूं खरीद में 60 लाख का गबन, बलरामपुर में पीसीएफ सचिव-केंद्र प्रभारी पर मुकदमा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.