भू-माफियाओं के अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, 40 करोड़ की सरकारी जमीन को कराया गया मुक्त
Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अवैध कॉलोनाइजरों और भू-माफियाओं के खिलाफ अपना कड़ा रुख बरकरार रखते हुए एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के कड़े निर्देश पर टीम ने ननवा का राजपुर गांव में करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया। इस आकस्मिक कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध भू-कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
20 हजार वर्ग मीटर जमीन कराई गई मुक्त
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, खसरा नंबर 156 और उसके आसपास की करीब 20 हजार वर्ग मीटर जमीन पर माफियाओं द्वारा अवैध रूप से प्लॉटिंग कर कॉलोनी बसाने की साजिश रची जा रही थी। भारी पुलिस बल और सुरक्षाकर्मियों के साथ मौके पर पहुंची प्राधिकरण की टीम ने महज दो घंटे के भीतर सभी अवैध निर्माणों और बाउंड्री वॉल को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया। मुक्त कराई गई इस बेशकीमती जमीन की बाजार कीमत लगभग 40 करोड़ रुपये आंकी गई है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति किसी भी प्रकार का निर्माण या प्लॉटिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे अपनी मेहनत की कमाई को जोखिम में न डालें। किसी भी जमीन की खरीद-फरोख्त से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से उसकी वैधता की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में होने वाली कानूनी कार्रवाई और आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।
Also Read: थैलेसीमिया मुक्त बरेली का संकल्प, जिला जज ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को किया रवाना

