मोहनलालगंज में लखनऊ ग्रीन सिटी समेत 5 अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर, 70 बीघा प्लाटिंग जमींदोज
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अवैध कॉलोनाइजरों और बिना ले-आउट पास कराए जमीनों की प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की कार्रवाई लगातार सख्त होती जा रही है। LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के कड़े निर्देशों के बाद प्रवर्तन टीम ने मोहनलालगंज क्षेत्र में व्यापक स्तर पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान ‘लखनऊ ग्रीन सिटी’ समेत कुल 5 अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाकर पक्के निर्माणों, सड़कों और बाउंड्रीवाल को ढहा दिया गया।
70 बीघा में फैली अवैध टाउनशिप पर कार्रवाई
प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि मोहनलालगंज के ग्राम मऊ और अतरौली में बिना नक्शा पास कराए बड़े पैमाने पर अवैध प्लाटिंग की शिकायतें मिल रही थीं। जांच के बाद LDA के दस्ते ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर लगभग 70 बीघा क्षेत्रफल में फैली 5 अलग-अलग अवैध कॉलोनियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
जोनल अधिकारी के अनुसार, ग्राम मऊ और अतरौली में प्रवीण त्रिपाठी, अमित सिंह (लखनऊ ग्रीन सिटी), अरुण कुमार, कैप्टन अशोक सिंह, हरेंद्र सिंह, एस.के. त्रिपाठी और उनके सहयोगियों द्वारा बिना स्वीकृति के प्लाटिंग की जा रही थी। LDA टीम ने मौके पर बने साइट ऑफिस, सड़कें, बाउंड्रीवाल और डीमार्केशन पिलरों को बुलडोजर से पूरी तरह तोड़ दिया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ये सभी निर्माण बिना ले-आउट स्वीकृत कराए और विकास शुल्क जमा किए बिना किए जा रहे थे। विहित न्यायालय से ध्वस्तीकरण का अंतिम आदेश जारी होने के बाद ही यह कार्रवाई की गई है। एलडीए ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी भूखंड की खरीद से पहले प्राधिकरण से उसके ले-आउट की प्रामाणिकता की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी नुकसान से बचा जा सके।
Also Read: सहारनपुर मस्जिद केस में हाईकोर्ट की अंतरिम राहत, 6.41 करोड़ की वसूली पर रोक

