फतेहपुर में नेटवर्क से परेशान ग्रामीणों ने टावर कर्मी को बनाया बंधक, 5 लोग हिरासत में
Fatehpur News: फतेहपुर के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के हरदौली गांव में मोबाइल नेटवर्क की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने गुरुवार शाम टावर कर्मी को बंधक बना लिया। ग्रामीणों ने उसे टावर परिसर में ही एक खंभे से बांध दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, गांव में करीब दो साल पहले एक टेलीकॉम कंपनी का टावर लगाया गया था। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि इससे नेटवर्क की परेशानी दूर होगी, लेकिन पिछले कई महीनों से कॉल और इंटरनेट की सुविधा ठीक से नहीं मिल रही थी। इसी से नाराज ग्रामीणों ने टावर की देखरेख के लिए पहुंचे कर्मी को पकड़ लिया।
अधिकारी के आने तक नहीं छोड़ने की बात
ग्रामीणों ने कथित तौर पर कर्मी से कहा कि जब तक टेलीकॉम कंपनी के अधिकारी मौके पर नहीं आएंगे, उसे नहीं छोड़ा जाएगा। इस दौरान टावर परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। किसी ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मी को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर थाने ले गई। बिंदकी कोतवाल शैलेष सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई होगी।
पांच लोग हिरासत में
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि वायरल वीडियो में टावर टेक्नीशियन को बंधक बनाए जाने की बात सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, 5G नेटवर्क नहीं मिलने से नाराज होकर ग्रामीणों ने यह कदम उठाया। मामले में केस दर्ज कर पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Also Read: सहारनपुर मस्जिद केस में हाईकोर्ट की अंतरिम राहत, 6.41 करोड़ की वसूली पर रोक

