Jhansi News: उड़ीसा से लाया जा रहा 1.10 करोड़ का गांजा जब्त, 2 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
Jhansi News: एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) थाना झांसी और बबीना पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने उड़ीसा से ट्रक में लादकर लाया जा रहा 214 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए दो सक्रिय तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन में चलाई जा रही मुहिम के तहत ANTF और थाना बबीना पुलिस ने 11 सितंबर 2026 को बबीना क्षेत्र में हाइवे से सुकमा-डुकमा रोड (नयाखेड़ा के पास) पर घेराबंदी की। इस दौरान एक संदिग्ध अशोक लीलैंड ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से 214 किलो अवैध गांजा, 2 एंड्रॉइड मोबाइल और 660 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
सतपाल उर्फ सत्यपाल (46 वर्ष): पुत्र बचन सिंह, निवासी ग्राम सौदापुर, मॉडल टाउन, पानीपत (हरियाणा)।
मोहन कुशवाहा (26 वर्ष): पुत्र राजू कुशवाहा, निवासी मोहल्ला सिंधिया नगर, बहोड़ापुर, ग्वालियर (मध्य प्रदेश)।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उड़ीसा में एक व्यक्ति ने उन्हें यह गांजा ट्रक में लोड कराया था। इसे लेकर वे ग्वालियर जा रहे थे, जहां माल की डिलीवरी होनी थी। आरोपियों ने बताया कि इस काम के बदले उन्हें मोटी रकम मिलती थी, जिससे वे अपने शौक पूरा करते थे। इस संबंध में थाना बबीना (जनपद झांसी) पर मु.अ.सं. 295/26 के तहत धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट में मुकदमा पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य संपर्कों और उड़ीसा के मुख्य सप्लायर का पता लगाने में जुटी है।
Also Read: सपा की लाल टोपी और नीली ड्रेस पर केशव मौर्य का तंज, बोले- काली करतूतें ढकने का प्रयास

