सपा की लाल टोपी और नीली ड्रेस पर केशव मौर्य का तंज, बोले- काली करतूतें ढकने का प्रयास

Keshav Prasad Maurya: समाजवादी पार्टी की लाल टोपी और छात्र सभा के नए नीले ड्रेस कोड को लेकर उत्तर प्रदेश में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। शनिवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा का नाम लिए बिना अखिलेश यादव की पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “लाल टोपी, नीला लिबास-काली करतूतें ढकने का नया प्रयास!”

मौर्य की यह टिप्पणी सपा छात्र सभा के लिए नीली टी-शर्ट और जींस को ड्रेस कोड बनाए जाने के बाद आई है।

अखिलेश यादव ने क्यों चुना नीला रंग?

सपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को छात्र सभा के नए ड्रेस कोड की घोषणा की थी। उन्होंने बताया था कि नीला रंग विचारधारा, लोकतंत्र, संविधान, आकाश, बहुजन समाज और बाबासाहेब आंबेडकर से जुड़ा है। इससे पहले छात्र सभा के कार्यकर्ता लाल शर्ट या कुर्ता पहनते थे।

अखिलेश ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा था कि नई पीढ़ी की नई सोच है, इसलिए नई वर्दी भी होनी चाहिए। छात्र सभा के कार्यकर्ता नीली टी-शर्ट और जींस पहनकर छात्रों और युवाओं के बीच जाएंगे।

मायावती भी साध चुकी हैं निशाना

इस विवाद पर बसपा प्रमुख मायावती ने शुक्रवार को सपा पर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि नीला रंग अपनाने से सपा की “संकीर्ण सामंती सोच” नहीं बदलेगी और न ही उसके नेता दिल से आंबेडकरवादी बनेंगे।

अखिलेश ने छात्र सभा के लिए दो सप्ताह का छात्र जागरूकता अभियान चलाने की भी घोषणा की है। इस दौरान कार्यकर्ता विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और छात्रावासों में जाकर छात्रों को पार्टी से जोड़ेंगे और समाजवादी विचारधारा से परिचित कराएंगे।

Also Read: विनोद साहनी के परिजनों से मिलने जा रहे अजय राय को पुलिस ने रोका, ले गई थाने 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.