Bareilly News: हरियाणा के तीन नशा तस्करों को कैंट पुलिस ने दबोचा
Bareilly News: नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कैंट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने शाहजहांपुर रोड पर 8वीं बटालियन पीएसी के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान हरियाणा से आए तीन शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 121.44 ग्राम अवैध अल्प्राजोलम पाउडर, 5,680 रुपये नकद, 2 मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त क्वांटम कार (HR 02 AD 9810) जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यशवंत वर्मा उर्फ आशु (निवासी यमुनानगर, हरियाणा), इशू (निवासी यमुनानगर, हरियाणा) और विशाल (निवासी अंबाला, हरियाणा) के रूप में हुई है। पूछताछ में तस्करों ने कुबूल किया कि वे बरेली निवासी नदीम से व्हाट्सऐप कॉल के जरिए संपर्क में रहते थे और उससे सस्ते दामों में नशीला अल्प्राजोलम पाउडर खरीदकर हरियाणा ले जाकर ट्रक ड्राइवरों को ऊंचे दामों पर बेचते थे। वे नदीम से और माल लेने के लिए कार में उसका इंतजार कर रहे थे, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
कैंट पुलिस ने मौके से बरामद अल्प्राजोलम पाउडर को सील करते हुए तीनों अभियुक्तों के खिलाफ मु.अ.सं. 470/2026, धारा 8/22/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही तलाशी में उनके पास से मिले 2 पैन कार्ड और अन्य व्यक्तिगत पहचान पत्र भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिए हैं। गिरफ्तार तस्करों को विधिक कार्यवाही पूर्ण कर अदालत के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब नेटवर्क के मुख्य सप्लायर नदीम की तलाश में जुटी है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर अड़ी कांग्रेस, देशभर में उग्र प्रदर्शन

