जमशेदपुर में मरीन ड्राइव पर खड़े ट्रेलर से टकराई कार, मंत्री की बेटी समेत 4 की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: झारखंड के जमशेदपुर स्थित सोनारी थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना सामने आई है। मरीन ड्राइव पर सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रेलर में पीछे से आ घुसी तेज रफ्तार अनियंत्रित कार के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार चारों युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह, सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल के रूप में हुई है।

सीएम हेमंत सोरेन समेत कई नेताओं ने जताया गहरा शोक

इस अपूरणीय क्षति पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। सोशल मीडिया पर शोक संदेश साझा करते हुए उन्होंने लिखा कि अपनी संतान को खोने का दर्द किसी भी माता-पिता के लिए असहनीय और शब्दों से परे होता है। उन्होंने ईश्वर से शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी मंत्री दीपिका पांडेय सिंह व अन्य पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना तड़के करीब 3:00 बजे हुई। कार पश्चिम बंगाल की दिशा से जमशेदपुर की ओर आ रही थी। इसी बीच मरीन ड्राइव पर बुधवार रात 10 बजे से खराब पड़ा एक ट्रेलर खड़ा था। तेज गति में होने के कारण कार सीधे ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा धंसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से मलबे में तब्दील हो गया।

गैस कटर की मदद से पुलिस ने बाहर निकाले शव

दुर्घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर और सोनारी थाना प्रभारी संजय सुमन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। कार के बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण अंदर फंसे शवों को निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लेना पड़ा। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।

Also Read: DM मेधा रूपम के केस के लिए बेंच ही बदल दी? SC के रोस्टर पर सवाल, सुनवाई का ऑडियो भी म्यूट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.