सीएम योगी ने रंग में भंग डालने वालों को दी सीधी चेतावनी, बोले- अब अयोध्या में कोई रामद्रोही घुस भी नहीं सकता

Gonda News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोंडा में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष और पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा हमला बोला। राम मंदिर और अयोध्या का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब देश में भगवान राम का नाम लेने पर ही पाबंदी थी और नाम लेने वालों पर गोलियां बरसाई जाती थीं, जिसके कारण कोई रामभक्त अयोध्या जाने की हिम्मत नहीं कर पाता था। लेकिन आज स्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं।

सीएम योगी ने कड़े शब्दों में कहा, आज अयोध्या में रामभक्तों के अलावा कोई भी रामद्रोही प्रवेश नहीं कर सकता, ऐसी चाक-चौबंद व्यवस्था कर दी गई है। उन्होंने भव्य अयोध्या की तारीफ करते हुए कहा कि आज एक नया अयोध्या मॉडल दुनिया के सामने है, जिससे हर भारतीय गौरवान्वित महसूस कर रहा है।

विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि सरयू मैया की असीम कृपा वाले इस गोंडा जनपद का विकास पिछली सरकारों के भाई-भतीजावाद और तुष्टिकरण की राजनीति की भेंट चढ़ गया। उन्होंने कहा कि गलत नीतियों के कारण यह जिला लगातार पिछड़ता गया और यहां के नौजवानों के सामने पहचान का एक बड़ा संकट खड़ा हो गया था। हालात इतने खराब थे कि जब यहां के युवा रोजगार या किसी अन्य काम से दूसरे राज्यों में जाते थे, तो लोग गोंडा का नाम सुनते ही उनसे दस कदम की दूरी बना लेते थे।

त्योहारों पर उपद्रव करने वालों को चेतावनी

साल 2015-16 के दौर को याद करते हुए सीएम योगी ने कहा कि पहले गोंडा में दुर्गा पूजा के दौरान दंगे भड़काने के प्रयास होते थे और मां दुर्गा की मूर्तियों के विसर्जन को रोक दिया जाता था। पर्व और त्योहार शुरू होने से पहले ही उपद्रवी सड़कों पर आ जाते थे क्योंकि 2017 से पहले सत्ता में बैठे लोग इन दंगाइयों के सामने नतमस्तक रहते थे और उन्हें संरक्षण देते थे, जिसके कारण पूरे प्रदेश में महीनों कर्फ्यू लगा रहता था।

आज के माहौल की तुलना करते हुए मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में चेतावनी दी, अब यूपी में कोई भी त्योहारों में व्यवधान नहीं डाल सकता। अगर किसी ने भी उत्सव के रंग में भंग डालने की कोशिश की, तो उसका वर्तमान तो जाएगा ही, साथ ही उसका भविष्य भी स्वाहा हो जाएगा।

500 वर्षों का इंतजार खत्म, यह डबल इंजन सरकार की ताकत

मुख्यमंत्री ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि यदि किसी को डबल इंजन सरकार की वास्तविक ताकत देखनी है, तो वह अयोध्या जाकर देख सकता है। जो ऐतिहासिक कार्य पिछले 500 वर्षों में नहीं हो सका, वह आज मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के भव्य और दिव्य मंदिर के निर्माण के साथ पूरा हो चुका है। आज की सरकार न केवल आस्था का सम्मान करना जानती है, बल्कि विकास को भी धरातल पर उतारना बखूबी जानती है।

Also Read: UP चुनाव से पहले सियासी दांव-पेंच, SP के PDA फॉर्मूले पर राजभर का सवाल, BJP ने गैर-यादव OBC पर बढ़ाया फोकस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.