SC-ST अधिकारों पर कांग्रेस ने खोला मोर्चा, राजेंद्र गौतम बोले- दलितों के हक की लड़ाई जारी रहेगी

Rajendra Pal Gautam Targets BJP: लखनऊ में कांग्रेस (Congress) ने अनुसूचित जाति-जनजाति (SC-ST) के अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं को लेकर भाजपा सरकारों पर सवाल उठाए हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने रविवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान आरोप लगाया कि केंद्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकारों की नीतियों से दलित और वंचित समाज के हित प्रभावित हो रहे हैं।

गौतम ने दावा किया कि सहारनपुर, अंबेडकरनगर, कन्नौज और जालौन के चार राजकीय मेडिकल कॉलेजों का निर्माण अनुसूचित जाति कल्याण के लिए निर्धारित स्पेशल कंपोनेंट प्लान के फंड से हुआ था। उनके मुताबिक इन कॉलेजों में 200 सीटें निर्धारित थीं और 70 प्रतिशत सीटें दलित समाज के छात्रों के लिए आरक्षित थीं।

उन्होंने आरोप लगाया कि 2025 में हाईकोर्ट में हुई कार्यवाही के दौरान सरकार की ओर से इस पक्ष को प्रभावी ढंग से नहीं रखा गया। इसके बाद नीतिगत प्रावधान खत्म होने से इन कॉलेजों में दलित छात्रों का प्रवेश 70 प्रतिशत से घटकर 21 प्रतिशत रह गया। गौतम ने कहा कि इसका असर एससीपी के तहत छात्रों को मिलने वाली सुविधाओं पर भी पड़ा है।

‘SC/ST कल्याण का पैसा लैप्स न हो’

राजेंद्र पाल गौतम (Rajendra Pal Gautam) ने बताया कि अनुसूचित जाति-जनजाति की स्थिति पर हुए अध्ययनों के बाद 1978-79 में योजना आयोग के माध्यम से शेड्यूल कास्ट कंपोनेंट प्लान और ट्राइबल सब-प्लान की व्यवस्था की गई थी। इसका उद्देश्य बजट के निर्धारित हिस्से को दलित और आदिवासी समाज की शिक्षा, विकास और कल्याण पर खर्च करना था।

उन्होंने कहा कि एससी-एसटी युवाओं और छात्रों के अधिकारों की लड़ाई कांग्रेस सड़क से लेकर अदालत तक लड़ेगी।

मछुआ-निषाद समाज के मुद्दों पर भी बैठक

Rajendra Pal Gautam Targets BJP

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मछुआ कांग्रेस के पदाधिकारियों और प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक भी हुई। इसमें मछुआ एवं निषाद समाज (Nishad Community) से जुड़े सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक मुद्दों के साथ आजीविका, मत्स्य पालन, जलाशयों के अधिकार, रोजगार, शिक्षा, छात्रवृत्ति और राजनीतिक भागीदारी पर चर्चा हुई।

Rajendra Pal Gautam ने कहा कि मछुआ, निषाद और अन्य पारंपरिक मछुआरा समुदाय अर्थव्यवस्था और सामाजिक संरचना का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उनके अधिकार और सम्मान की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी।

सपा समेत कई दलों से आए लोग कांग्रेस में शामिल

बैठक के दौरान गोरखपुर, प्रयागराज, लखनऊ, आजमगढ़ और सुलतानपुर समेत कई जिलों के सैकड़ों लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। बांदा के पुष्पेंद्र श्रीवास्तव ने समाजवादी पार्टी (SP) छोड़कर समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थामा।

इसके अलावा सेवानिवृत्त पुलिस अधीक्षक कृपा शंकर सरोज, अवधेश प्रसाद, सेवानिवृत्त थानाध्यक्ष एलडी भारती, सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक दीपचंद, सुशील कुमार और इशरार उर्फ पप्पू खान समेत कई लोगों के कांग्रेस में शामिल होने की जानकारी दी गई।

Also Read: हामिद अंसारी के बयान पर भड़के CM योगी, बोले- ‘भारतीय संस्कृति के लिए बेहद खतरनाक बात’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.