CWG 2026: भारत की झोली में आए 4 और मेडल, शर्मिला धनखड़ ने शॉट पुट में जीता गोल्ड

Commonwealth Games 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स (CWC) 2026 में भारत का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। सोमवार देर रात भारतीय खिलाड़ियों ने चार और पदक जीतकर देश की झोली भर दी। इनमें एक स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक शामिल हैं। इसके साथ ही भारत के कुल पदकों की संख्या 10 (2 गोल्ड, 5 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज) हो गई है और टीम मेडल तालिका में आठवें स्थान पर पहुंच गई है।

महिला शॉट पुट F57 वर्ग में भारतीय पैरा एथलीट शर्मिला धनखड़ (Sharmila Dhankhar) ने 9.81 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह उनका सीजन बेस्ट प्रदर्शन भी रहा। वहीं, घाना की जिनाबु इसाह ने रजत पदक जीता, जबकि भारत की शिल्पा कंचुगरकोप्पालु शायला ने 7.26 मीटर के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

हाई जंप और वेटलिफ्टिंग में भी चमके भारतीय

CWG 2026 के पुरुष हाई जंप फाइनल में सर्वेश अनिल कुशारे ने 2.25 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक जीता। वह गोल्ड से बेहद मामूली अंतर से चूक गए, क्योंकि जमैका के रोमेन बेकफोर्ड ने समान ऊंचाई कम प्रयासों में पार कर पहला स्थान हासिल किया। भारत के आदर्श राम ज्योति शंकर 2.15 मीटर के साथ पांचवें स्थान पर रहे।

वहीं, पुरुषों की 79 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में वल्लूरी अजय बाबू ने कुल 330 किलोग्राम (149 किग्रा स्नैच और 181 किग्रा क्लीन एंड जर्क) वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। मलेशिया के एरी हिदायत मुहम्मद 331 किलोग्राम के साथ स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहे, जबकि इंग्लैंड के क्रिस मरे को कांस्य पदक मिला।

भारत के इन दमदार प्रदर्शनों से कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 (CWG 2026) में पदकों की संख्या लगातार बढ़ रही है और आने वाले मुकाबलों में भी खिलाड़ियों से इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

Also Read: CWC 2026: पोलियो, गरीबी और संघर्ष… फिर भी नहीं रुके झंडू कुमार…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.