मुंबई में गणपति पंडाल के पास करंट से हादसा, 8 साल की बच्ची समेत 2 की मौत, कई घायल
Mumbai Ganpati Festival Accident: मुंबई के लालबाग इलाके में गणपति उत्सव के दौरान रविवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। कालाचौकी में गणपति पंडाल के पास करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जिनमें 8 साल की बच्ची भी शामिल है। हादसे में कई अन्य लोग घायल हुए हैं।
हादसा उस समय हुआ जब गणपति उत्सव के चलते इलाके में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। घटना के बाद मौके पर पुलिस, दमकल, BEST और नगर निगम की टीमें पहुंचीं और राहत-बचाव का काम शुरू किया।
रात 2:20 बजे हुआ हादसा
अधिकारियों के मुताबिक, हादसा रात करीब 2:20 बजे दत्ताराम लाड मार्ग पर कालाचौकी विभाग सार्वजनिक उत्सव मंडल के पास हुआ। मुंबई फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना रात 2:42 बजे मिली।
सूचना मिलते ही दमकल, पुलिस, BEST और नगर निगम के वार्ड कार्यालय की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
8 साल की बच्ची समेत दो की मौत
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पांच घायलों को भायखला के मसीना अस्पताल ले जाया गया, जबकि अन्य घायलों को परेल के ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मसीना अस्पताल में 8 वर्षीय रघनी घनश्याम यादव को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में एक अन्य व्यक्ति की भी मौत हुई है।
वहीं 19 वर्षीय किरण अकबर नाइक, 19 वर्षीय तन्वी नरश हांडे, 19 वर्षीय साहिल संदीप तारे और 12 वर्षीय रूह़ी सिंह का इलाज चल रहा था। उनकी हालत को लेकर तत्काल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई थी।
Also Read: मध्य प्रदेश में नाले के तेज बहाव में बही कार, तीन बच्चों समेत 8 श्रद्धालुओं की मौत

