मध्य प्रदेश में नाले के तेज बहाव में बही कार, तीन बच्चों समेत 8 श्रद्धालुओं की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में शनिवार को एक अत्यंत दुखद सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ प्रसिद्ध माँ बगलामुखी मंदिर के दर्शन के लिए आ रहे श्रद्धालुओं की कार मंदिर के पास स्थित एक उफनते बरसाती नाले में बह गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों, दो महिलाओं और तीन पुरुषों समेत कुल 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा नलखेड़ा क्षेत्र में मंदिर के समीप स्थित बरसाती नाले पर हुआ। बताया जा रहा है कि कार चालक पानी के तेज बहाव का सही अंदाजा नहीं लगा सका और उसने गाड़ी नाले को पार करने के लिए आगे बढ़ा दी। नतीजतन, कार अनियंत्रित होकर नाले के तेज बहाव में बह गई और जा समाई।
पानी उतरने पर दिखे शव, पुलिस ने शुरू किया रेस्क्यू
शनिवार सुबह जब नाले का जलस्तर कम हुआ, तब स्थानीय राहगीरों की नज़र नाले में फँसी कार पर पड़ी। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुँची पुलिस और राहत-बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद कार को बाहर निकाला, जिसके अंदर से आठों लोगों के शव बरामद किए गए। घटना की पुष्टि करते हुए आगर मालवा के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतकों में 3 बच्चे, 2 महिलाएँ और 3 पुरुष शामिल हैं। प्राथमिक जाँच के अनुसार, मृतक उड़ीसा के रहने वाले थे और उन्होंने उज्जैन से यह कार किराए पर ली थी। फिलहाल मृतकों की पहचान के प्रयास जारी हैं।
Also Read: Lucknow News: मॉर्निंग वॉक पर निकले छात्र की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत

