मऊ में मेमू ट्रेन के उद्घाटन पर भिड़े ऊर्जा मंत्री और सपा सांसद, पुलिस पर बदसलूकी का आरोप
Mau News: मऊ में सोमवार को मेमू ट्रेन के शुभारंभ का अवसर सियासी अखाड़े में तब्दील हो गया। दोहरीघाट–औड़िहार ट्रेन के उद्घाटन समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और घोसी से सपा सांसद राजीव राय के बीच भरे मंच पर जबरदस्त नोकझोंक हुई। विवाद उस वक्त बढ़ा जब सांसद ने पुलिस पर अपने कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी का आरोप लगाया। राजीव राय ने तीखे लहजे में मंत्री से कहा, मैं यहाँ का सांसद हूँ और मेरे सामने कार्यकर्ताओं को धक्का दिया जा रहा है। सत्ता का यह घमंड ठीक नहीं है।
विवाद इतना बढ़ा कि भाजपा और सपा कार्यकर्ता भी आपस में भिड़ गए, जिसके बाद पुलिस और आरपीएफ को हस्तक्षेप करना पड़ा। इस हंगामे के बीच शाम 4 बजे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने सपा पर पलटवार करते हुए कहा कि विकास कार्यों का श्रेय लेने के लिए सपा गुंडई पर उतारू है, जबकि यह सब मोदी-योगी सरकार की देन है।

विकास की पटरी पर सियासत की जंग
दरअसल, इस विवाद की जड़ में मेमू ट्रेन का श्रेय लेने की होड़ है। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, जो मधुबन विधानसभा से चुनावी तैयारी में हैं, इसे अपनी और केंद्र सरकार की उपलब्धि बता रहे हैं। वहीं, सपा सांसद राजीव राय ने प्रेस रिलीज जारी कर दावा किया कि उनके निरंतर पत्राचार और संसद में उठाए गए मुद्दों के कारण ही रेलवे बोर्ड ने इस सेवा को मंजूरी दी है। वाराणसी से बेहतर कनेक्टिविटी देने वाली इस ट्रेन को लेकर अब मऊ की राजनीति पूरी तरह गरमा गई है।
Also Read: Agra News: यमुना में नहाने गए 6 बच्चे डूबे, 3 की मौत, एक की तलाश जारी

