पाकिस्तान के नौरंग बाजार में फटा बारूद से भरा ऑटो रिक्शा, 9 की मौत, 35 घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान का सबसे अशांत उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा एक बार फिर भीषण धमाके से दहल उठा है। प्रांत के लक्की मरवत जिले स्थित नौरंग बाजार के फाटक चौक पर हुए एक आत्मघाती हमले में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई और 35 अन्य घायल हो गए हैं। प्राथमिक जांच के अनुसार, हमलावर विस्फोटकों से लदे एक ऑटो रिक्शा में सवार होकर बाजार पहुँचा था, जहाँ उसने खुद को उड़ा लिया।

यह धमाका उस समय हुआ जब नौरंग बाजार में कारोबारियों और आम जनता की भारी भीड़ मौजूद थी। जिला पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि आत्मघाती हमलावर ने जानबूझकर बाजार के व्यस्ततम ‘फाटक चौक’ को चुना ताकि अधिक से अधिक जान-माल का नुकसान किया जा सके। मरने वालों में दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी, दो सुरक्षा अधिकारी और एक महिला शामिल है। धमाके में घायल हुए 35 लोगों को तत्काल सराय नौरंग के तहसील मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल कई मरीजों को बेहतर इलाज के लिए बन्नू और पेशावर के अस्पतालों में रेफर किया गया है।

अस्पतालों में इमरजेंसी लागू, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

धमाके की सूचना मिलते ही रेस्क्यू 1122 की टीमें और एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुँच गईं। घायलों की बढ़ती तादाद को देखते हुए क्षेत्रीय अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है और सभी मेडिकल स्टाफ को ड्यूटी पर वापस बुला लिया गया है। प्रशासन ने अंदेशा जताया है कि कई घायलों की हालत बेहद नाजुक है, जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है।

खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री मुहम्मद सुहैल अफरीदी ने इस कायराना हमले का कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने पुलिस महानिरीक्षक (IG) को घटना की विस्तृत जांच कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रांतीय सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है और घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता प्रदान की जाएगी।

Also Read: Bareilly News: 60 करोड़ की लागत से बनेगा नाथ कॉरिडोर, बदल जाएगी 10 प्रमुख शिवधामों की तस्वीर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.