मिशन-2027 के लिए भाजपा UP में चलाएगी ‘सेवा संकल्प’ अभियान, हर वर्ग तक पहुंचने की तैयारी
BJP Seva Sankalp Campaign: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बीजेपी (BJP) ने संगठन और सरकार को चुनावी मोड में लाने की तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में पार्टी एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। इसके जरिए युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों समेत हर वर्ग तक पहुंच बनाने की रणनीति तैयार की गई है।
बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष (BL Santosh) शुक्रवार शाम दो दिवसीय यूपी दौरे पर लखनऊ पहुंचे। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) की मौजूदगी में हुई कोर कमेटी की बैठक में उन्होंने सरकार और संगठन से प्रदेश का राजनीतिक फीडबैक लिया। बैठक में मिशन-2027 के साथ सेवा संकल्प अभियान (BJP Seva Sankalp Campaign) और आगामी चुनावों की तैयारियों पर मंथन हुआ।
17 सितंबर को हर बूथ पर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
बीएल संतोष ने सरकार और संगठन के बेहतर समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी तरीके से चलाने पर जोर दिया। एक महीने चलने वाले अभियान में अलग-अलग वर्गों तक पहुंचने की योजना है। 17 सितंबर को हर बूथ पर लाभार्थी परिवारों से ‘आशीर्वाद का दीया’ जलवाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के प्रति आभार व्यक्त कराने की योजना है।
स्कूल-कॉलेजों में प्रतियोगिताओं के जरिए युवाओं तक पहुंचने और सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर अभियान का प्रभावी प्रचार करने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार की तैयारियों की जानकारी दी, जबकि प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह (Dharampal Singh) ने संगठन स्तर की तैयारियां साझा कीं।
विधान परिषद चुनाव से लेकर संगठन विस्तार तक चर्चा
बैठक में नवंबर में प्रस्तावित विधान परिषद की 11 सीटों के चुनाव की तैयारियों, राज्यसभा चुनाव और पार्टी संगठन के गठन पर भी चर्चा हुई। मोर्चा-प्रकोष्ठों का गठन जल्द पूरा करने और संगठन की योजना के मुताबिक नेताओं के प्रवास शुरू करने पर भी जोर दिया गया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी (Pankaj Chaudhary) ने बताया कि कोर कमेटी में मिशन-2027 को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक कराने पर भी विचार हुआ। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Prasad Maurya) ने कहा कि यूपी में तीसरी बार प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने की रणनीति पर मंथन हुआ है।
बैठक में यूपी प्रभारी विनोद तावड़े (Vinod Tawde), सह प्रभारी जगदीश भाई पटेल और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक (Brajesh Pathak) समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन (Nitin Nabin) और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) के आगामी यूपी दौरों और कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई।
शनिवार को बीएल संतोष प्रदेश महामंत्रियों के साथ बैठक करेंगे और बाद में कानपुर जाकर कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के पदाधिकारियों से संवाद करेंगे। रविवार को वह दिल्ली लौटेंगे।
Also Read: RJD ने बिहार MLC चुनाव के लिए खोले पत्ते, 6 सीटों पर टिकट फाइनल, बाकी 2 पर सस्पेंस

